Highlights:
दक्षिणी रेलवे की बड़ी पहल, 99 रुपये में मिलेगी ठहरने की सुविधा
तिरुवनंतपुरम रेलवे डिवीजन में पहली बार इस तरह की सुविधा शुरू करने की तैयारी
अलुवा और एर्नाकुलम जंक्शन पर AC स्लीपिंग पॉड्स शुरू करने की तैयारी कर रहा दक्षिणी रेलवे
AC Sleeping Pods in Railway Stations: भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार नई सुविधाएं शुरू कर रहा है। इसी कड़ी में दक्षिणी रेलवे केरल के दो प्रमुख रेलवे स्टेशनों अलुवा और एर्नाकुलम जंक्शन पर AC स्लीपिंग पॉड्स शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इनकी खास बात यह है कि यात्रियों को सिर्फ ₹99 से कुछ घंटों के लिए आराम करने की सुविधा मिल सकती है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
अक्सर लंबी ट्रेन यात्रा के दौरान या ट्रेन बदलने के बीच यात्रियों को कुछ घंटों के आराम की जरूरत पड़ती है। ऐसे में होटल का पूरा किराया देना कई बार महंगा पड़ता है। रेलवे की यह नई सुविधा ऐसे यात्रियों के लिए किफायती विकल्प बन सकती है। इन स्लीपिंग पॉड्स को घंटों के हिसाब से बुक किया जा सकेगा।
रेलवे की योजना के मुताबिक, इन स्लीपिंग पॉड्स में यात्रियों को आरामदायक बेड के साथ कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इनमें AC, प्राइवेसी के लिए दरवाजा और लॉक, USB चार्जिंग पोर्ट, रीडिंग लाइट और हाई-स्पीड वाई-फाई शामिल होंगे।
इन सुविधाओं का मकसद यात्रियों को कम समय के लिए आराम करने की बेहतर जगह उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि यात्रियों को होटल की तरह 24 घंटे का किराया नहीं देना होगा। वे अपनी जरूरत के अनुसार कुछ घंटों के लिए पॉड बुक कर सकेंगे।
केरल के तिरुवनंतपुरम रेलवे डिवीजन में पहली बार इस तरह की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे अधिकारी ने बताया कि अलुवा स्टेशन पर स्लीपिंग पॉड्स बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
अलुवा में यह सुविधा KSRTC बस स्टैंड के सामने रेलवे की जमीन पर बनाई जाएगी। इसके लिए दक्षिणी रेलवे जमीन उपलब्ध कराएगा। वहीं, टेंडर हासिल करने वाली कंपनी 10 साल की लीज पर इस सुविधा का निर्माण और संचालन करेगी। यहां करीब 10 हजार वर्ग फुट में दो मंजिला इमारत बनाई जाएगी। वहीं, एर्नाकुलम जंक्शन पर मुख्य प्लेटफॉर्म के पास बने AC वेटिंग रूम के ऊपर स्लीपिंग पॉड्स बनाने की योजना है।
एर्नाकुलम रेलवे जंक्शन पर यात्रियों के लिए पहले से ही AC वेटिंग हॉल मौजूद है। करीब 160 वर्ग फुट में बने इस हॉल का इस्तेमाल वैध टिकट वाले यात्री ₹30 प्रति घंटे के शुल्क पर कर सकते हैं।
इसमें 100 आरामदायक पुश-बैक सीटें लगाई गई हैं। यात्रियों को मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा भी मिलती है। इसके अलावा यहां अखबार, छोटी लाइब्रेरी और बड़ा टीवी भी लगाया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए एयर प्यूरीफायर वाले वॉशरूम, शौचालय और महिलाओं के लिए बच्चों को दूध पिलाने का अलग कमरा भी बनाया गया है।
रेलवे स्टेशनों पर स्लीपिंग पॉड्स की सुविधा कोई नई पहल नहीं है। साल 2025 में ईस्ट कोस्ट रेलवे के वाल्टेयर डिवीजन ने विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन पर स्लीपिंग पॉड्स शुरू किए थे। इन्हें कैप्सूल होटल भी कहा जाता है।
यहां कुल 88 बेड बनाए गए हैं। इनमें 73 सिंगल और 15 डबल बेड शामिल हैं। इनमें से 18 बेड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। यात्रियों को यहां मुफ्त वाई-फाई, 24 घंटे गर्म पानी, स्नैक बार, टूरिस्ट असिस्टेंस डेस्क और आधुनिक बाथरूम जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
इसके अलावा कोच्चि मेट्रो के MG रोड, पाथादिपालम और अलुवा स्टेशनों पर भी AC स्लीपिंग पॉड्स की सुविधा उपलब्ध है।