Highlight:
TRAI ने 4 नवंबर 2026 को Network Anubhav Platform लॉन्च किया है।
इस प्लेटफॉर्म से मोबाइल नेटवर्क और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड की परफॉर्मेंस देख सकते हैं।
प्लेटफॉर्म पर नेटवर्क स्पीड के लिए P50, P80 और P90 जैसे आंकड़े दिए जाएंगे।
TRAI Network Anubhav Platform: मोबाइल नेटवर्क की स्पीड और कॉल क्वालिटी को लेकर अक्सर यूजर्स के मन में सवाल रहता है कि उनके इलाके में किस टेलीकॉम कंपनी की सर्विस बेहतर है। अब इस बारे में जानकारी जुटाना पहले से आसान हो सकता है। बता दें कि टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने 4 नवंबर 2026 को Network Anubhav Platform लॉन्च किया है। यह एक जियो-स्पेशियल और एनालिटिकल डैशबोर्ड है जहां यूजर्स नेटवर्क टेस्ट के नतीजे देख सकेंगे। इसके साथ ही पोर्टल पर DND सेवाओं का वेब इंटरफेस भी उपलब्ध कराया गया है।
Network Anubhav Platform के बारे में बताए तो इसकी मदद से यूजर्स अपने इलाके में मोबाइल नेटवर्क और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड की परफॉर्मेंस देख सकते हैं। इसमें अलग-अलग टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर और टेक्नोलॉजी के हिसाब से टेस्ट रिजल्ट को फिल्टर करने का विकल्प मिलेगा। साथ ही डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे पैरामीटर भी देखे जा सकेंगे।
इस प्लेटफॉर्म पर TRAI के MySpeed और MyCall ऐप से मिले यूजर टेस्ट डेटा के साथ अथॉरिटी के स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के नतीजे भी दिखाए जाएंगे। जिसमें यूजर्स मैप को जूम करके अलग-अलग लोकेशन के टेस्ट रिजल्ट देख सकते हैं। साथ ही फिल्टर, टेबल और डाउनलोड किए जा सकने वाले रिपोर्ट्स के जरिए डेटा को समझना भी आसान होगा।
प्लेटफॉर्म पर नेटवर्क स्पीड को समझने के लिए P50, P80 और P90 जैसे आंकड़े दिए जाएंगे। P50 का मतलब है कि आधे टेस्ट में दर्ज स्पीड इस आंकड़े के बराबर या उससे ज्यादा रही। मोबाइल ब्रॉडबैंड के लिए P80 बताता है कि 80 फीसदी टेस्ट में स्पीड इस स्तर या इससे ऊपर रही। वहीं फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के लिए P90 का इस्तेमाल किया जाएगा। लेकिन TRAI ने स्पष्ट किया है कि यूजर्स के टेस्ट पर आधारित ये आंकड़े नेटवर्क क्वालिटी का पूरी तरह व्यापक या मानकीकृत आकलन नहीं हैं। फिर भी इनसे किसी इलाके में दूसरे ग्राहकों के नेटवर्क अनुभव का अंदाजा मिल सकता है।
Network Anubhav Platform पर यूजर्स स्पैम की शिकायत कर सकेंगे और DND से जुड़ी सुविधाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसमें कमर्शियल मैसेज और कॉल के लिए अपनी पसंद दर्ज करने, शिकायत करने और उसका स्टेटस ट्रैक करने की सुविधा शामिल है। वहीं टेलीकॉम कंपनियां सुरक्षित इंटरफेस के जरिए लोकेशन, तारीख और समय के आधार पर नेटवर्क संबंधी समस्याओं की पहचान कर सकेंगी। TRAI ने इसको लेकर बताया है कि इससे नेटवर्क सुधार और उपभोक्ताओं के अनुभव की निगरानी में मदद मिलेगी। MySpeed SDK के जरिए पात्र थर्ड-पार्टी ऐप्स भी कनेक्टिविटी टेस्ट की सुविधा जोड़ सकेंगे।
TRAI चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने कहा: "'नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म' उपभोक्ताओं और TRAI द्वारा किए गए नेटवर्क परीक्षणों में अधिक पारदर्शिता लाता है। यह उपभोक्ताओं को स्थान और सेवा प्रदाता के आधार पर परीक्षणों का विश्लेषण करने में सक्षम बनाता है, TSP (टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं) को नेटवर्क ऑप्टिमाइज़ेशन (बेहतर बनाने) के लिए क्षेत्रों की पहचान करने में मदद करता है, और नेटवर्क सुधार के लिए TRAI के प्रयासों को मजबूत करता है।"
TRAI ने यूजर्स से MySpeed और MyCall ऐप के जरिए नियमित रूप से टेस्ट में हिस्सा लेने की अपील की है। अधिक लोगों की भागीदारी से प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध जानकारी का दायरा बढ़ सकता है।