TRAI Spam Call Rules: अगर आपके फोन पर बार-बार लोन, क्रेडिट कार्ड, इंश्योरेंस या दूसरे ऑफर की अनचाही कॉल आती हैं तो आपके लिए काम की खबर है। बता दें कि TRAI ने स्पैम और अनचाही व्यावसायिक कॉल्स के खिलाफ अपना सिस्टम और मजबूत किया है। नए फ्रेमवर्क में AI की मदद से संदिग्ध नंबरों की पहचान करने और अलग-अलग टेलीकॉम नेटवर्क के बीच जानकारी साझा करने पर जोर दिया गया है। वहीं TRAI ने 18 सितंबर 2026 को टेक्नोलॉजी आधारित UCC enforcement को मजबूत करने की जानकारी भी जारी की है।
नए सिस्टम को लेकर बताया जा रहा है कि टेलीकॉम कंपनियों के AI/ML आधारित सिस्टम संदिग्ध नंबरों को फ्लैग कर सकेंगे। इसके बाद अलग-अलग नेटवर्क के बीच ऐसी जानकारी साझा की जा सकती है ताकि स्पैम करने वाला व्यक्ति सिर्फ नेटवर्क बदलकर कार्रवाई से बच न सके। वहीं प्रस्तावित संशोधन में एक महत्वपूर्ण व्यवस्था यह है कि अगर किसी Sender के खिलाफ 10 दिनों में कम से कम 3 अलग-अलग लोगों की शिकायत आती है और उसके किसी नंबर को AI सिस्टम भी संदिग्ध UCC नंबर के तौर पर फ्लैग करता है तो कार्रवाई का प्रावधान है। वहीं 10 दिनों में 5 या उससे ज्यादा अलग-अलग शिकायतें मिलने पर भी कड़ी कार्रवाई की व्यवस्था रखी गई है।
साथ ही कंपनियों की ओर से ऐप या ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए की जाने वाली व्यावसायिक कॉल्स पर भी नियम लागू होंगे। वहीं अगर किसी ग्राहक ने खुद किसी प्रोडक्ट, सर्विस या जानकारी के लिए संपर्क किया है तो जवाब देने की अनुमति हो सकती है लेकिन इसके लिए ग्राहक की रिक्वेस्ट का डिजिटल या लिखित रिकॉर्ड रखना जरूरी होगा। इसका मतलब साफ है कि सिर्फ यह दावा करना पर्याप्त नहीं होगा कि ग्राहक ने कॉल की अनुमति दी थी।
TRAI ने 1601 नंबर सीरीज को सर्विस और ट्रांजैक्शनल वॉयस कॉल्स के लिए भी लागू करने की दिशा में कदम उठाया है। 10 अगस्त 2026 को TRAI ने BFSI और सरकारी क्षेत्र से बाहर की संस्थाओं के लिए 1601 सीरीज के संचालन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। इसलिए बैंक, यूटिलिटी, कूरियर या अन्य जरूरी सेवाओं से आने वाली हर कॉल को केवल नंबर देखकर स्पैम मानना सही नहीं होगा।
अगर आपको अनचाही व्यावसायिक कॉल या मैसेज मिलता है तो शिकायत के लिए 1909 का इस्तेमाल किया जा सकता है। TRAI DND ऐप और संबंधित टेलीकॉम कंपनी के माध्यम से भी शिकायत की सुविधा उपलब्ध है। TRAI की जानकारी के मुताबिक UCC से बचने के लिए DND/NCPR में अपनी पसंद दर्ज की जा सकती है। बता दें कि नए सिस्टम का फोकस शिकायतों के साथ AI आधारित पहचान को जोड़कर स्पैम करने वालों पर कार्रवाई को ज्यादा तेज और नेटवर्क-स्तर पर प्रभावी बनाना है।