Eat-in by Minutes: ऑनलाइन शॉपिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला Flipkart अब खाने की डिलीवरी के कारोबार में भी कदम रखने की तैयारी कर रहा है। बता दें कि कंपनी की नई सर्विस का नाम Eat-in by Minutes बताया जा रहा है। इसके जरिए ग्राहक एक ही ऐप पर खरीदारी के साथ खाना भी ऑर्डर कर सकेंगे। लेकिन अभी के लिए बेंगलुरु में इसकी टेस्टिंग चल रही है। वहीं रिपोर्ट्स में बताया गया है कि कंपनी अक्टूबर 2026 के आखिर तक इसे आम ग्राहकों के लिए शुरू करने की तैयारी में है। पर फिर भी Flipkart ने अब तक सार्वजनिक लॉन्च की तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट्स में सामने आया है कि Eat-in by Minutes के लिए Flipkart के मौजूदा ऐप में अलग टैब दिया जा रहा है। इससे यूजर्स को खाना ऑर्डर करने के लिए अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ सकती। यह विकल्प कंपनी की क्विक कॉमर्स सर्विस Flipkart Minutes और ट्रैवल बुकिंग जैसी सुविधाओं के साथ दिखाई दे सकता है।
वहीं कंपनी पहले सीमित कर्मचारियों के बीच इस सर्विस की टेस्टिंग कर रही थी। अब यह ट्रायल कथित तौर पर करीब 8,000 कर्मचारियों तक पहुंच गया है। इस दौरान ऑर्डर करने से लेकर डिलीवरी तक की प्रक्रिया को परखा जा रहा है।
जानकारी में सामने आया है कि फूड डिलीवरी सर्विस को विस्तार देने के लिए Flipkart ONDC यानी Open Network for Digital Commerce से जुड़े रेस्टोरेंट के साथ काम कर रही है। इसके अलावा कंपनी सीधे रेस्टोरेंट को भी अपने प्लेटफॉर्म से जोड़ सकती है।
ONDC के बारे में बताए तो यह एक ऐसा नेटवर्क है जो अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खरीदारों और विक्रेताओं को जोड़ने में मदद करता है। इससे ग्राहकों को विभिन्न रेस्टोरेंट के विकल्प मिल सकते हैं। लेकिन लॉन्च के समय किन शहरों और रेस्टोरेंट में यह सुविधा मिलेगी इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट्स में यह जानकारी भी है कि Flipkart अपनी लॉजिस्टिक्स यूनिट Ekart के जरिए फूड डिलीवरी के लिए अलग डिलीवरी नेटवर्क तैयार कर रही है। इसकी वजह यह है कि खाना समय पर और सही स्थिति में पहुंचाने की जरूरत सामान्य पार्सल डिलीवरी से अलग होती है।
अभी के लिए भारत में ऑनलाइन फूड डिलीवरी के बाजार में Swiggy और Zomato की मजबूत मौजूदगी है। वहीं Flipkart की एंट्री से ग्राहकों को एक और विकल्प मिल सकता है। जिसको लेकर कंपनी की मौजूदा यूजर बेस और डिलीवरी नेटवर्क उसे फायदा पहुंचा सकते हैं लेकिन सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सर्विस कितनी भरोसेमंद, सुविधाजनक और किफायती रहती है।
रिपोर्ट्स में साल के अंत तक पांच से छह शहरों में विस्तार की संभावना भी जताई गई है। लेकिन अभी के लिए इस योजना कि आधिकारिक रूप से पुष्ट नहीं है। ग्राहकों को लॉन्च की तारीख, डिलीवरी चार्ज और ऑफर्स की जानकारी के लिए कंपनी की घोषणा का इंतजार करना होगा।