Nvidia को साइबर हमले की धमकी मिली (सोर्स- सोशल मीडिया)
टेक्नॉलजी

Nvidia पर गिरी एक और गाज! रैंसमवेयर ग्रुप ने दी साइबर हमले की धमकी, कंपनी को दिया 10 दिन का समय

The Gentlemen Ransomware Group: दिग्गज टेक कंपनी Nvidia को द जेंटलमेन रैंसमवेयर ग्रुप ने डेटा लीक करने की धमकी दी है। हैकर्स ने कंपनी को कथित डेटा सार्वजनिक करने के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है।

अक्षय साहू

Highlights:

  • Nvidia को द जेंटलमेन रैंसमवेयर ग्रुप ने दी डेटा लीक की धमकी।

  • डार्क वेब पर कंपनी के नाम के साथ लगाया काउंटडाउन टाइमर।

  • हैकर्स ने 10 दिन से कम समय का दिया अल्टीमेटम।

  • Nvidia ने अब तक साइबर हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Nvidia Cyber Attack: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Nvidia पर साइबर हमले का खतरा मंडरा रहा है। एक रैंसमवेयर ग्रुप ने कथित तौर पर कंपनी का डेटा चोरी करने का दावा करते हुए उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी है। हैकर्स ने Nvidia को जानकारी लीक करने से पहले 10 दिन से भी कम का समय दिया है। 'द जेंटलमेन' नाम के इस साइबर क्राइम ग्रुप ने अपनी डार्क वेब लीक वेबसाइट पर Nvidia का नाम शामिल किया है। इसके साथ ही एक काउंटडाउन टाइमर भी लगाया गया है।

फिलहाल इस टाइमर में 234 घंटे दिखाई दे रहे हैं, यानी 10 दिन से कुछ कम समय बचा है। माना जा रहा है कि इस लिस्टिंग के जरिए ग्रुप Nvidia पर दबाव बनाकर बातचीत के लिए मजबूर करना चाहता है। हालांकि, हैकर्स ने अपने दावे को सही साबित करने के लिए अभी तक कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया है। ऐसे में यह भी स्पष्ट नहीं है कि कंपनी वास्तव में किसी साइबर हमले का शिकार हुई है या नहीं।

हैकर्स ने चोरी हुए डेटा को लेकर नहीं दी जानकारी

डार्क वेब पर जारी की गई लिस्टिंग में कथित साइबर हमले से जुड़ी बहुत कम जानकारी साझा की गई है। हैकर्स ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने Nvidia के सिस्टम में कब सेंध लगाई, किस तरह का डेटा हासिल किया या कंपनी का कौन सा बिजनेस डिवीजन इससे प्रभावित हुआ है। इसके अलावा, कथित तौर पर चोरी किए गए डेटा का कोई सैंपल भी सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे इन दावों की पुष्टि हो सके।

ग्रुप की पोस्ट में एक Tox ID भी दिया गया है। यह एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग कॉन्टैक्ट है, जिसके जरिए कंपनी से बातचीत की जा सकती है। काउंटडाउन टाइमर के संकेतों के मुताबिक, समय पूरा होने के बाद कथित डेटा सार्वजनिक किया जा सकता है। हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि हैकर्स के पास Nvidia का वास्तविक डेटा मौजूद है या वे केवल कंपनी पर दबाव बनाने के लिए ऐसा कर रहे हैं।

Nvidia ने अब तक नहीं की साइबर हमले की पुष्टि

Nvidia की ओर से अभी तक किसी भी तरह के सिक्योरिटी ब्रीच की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस मामले की सबसे पहले रिपोर्ट करने वाले साइबरन्यूज़ ने बताया कि उसने कंपनी से इस संबंध में जवाब मांगा है। Nvidia की प्रतिक्रिया से यह समझने में मदद मिल सकती है कि रैंसमवेयर ग्रुप के दावों में कितनी सच्चाई है।

हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। साइबरन्यूज़ के मुताबिक, द जेंटलमेन ग्रुप पहले भी साइबर हमलों को लेकर ऐसे दावे कर चुका है, जिनमें कंपनियों को चोरी की जानकारी से गलत तरीके से जोड़ा गया या पुरानी घटनाओं से संबंधित डेटा को लेकर बढ़ा-चढ़ाकर बातें कही गईं।

साइबर एक्सपर्ट ने भी दावों पर उठाए सवाल

साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर अरास नाजरोवास ने कहा है कि द जेंटलमेन ने कथित Nvidia डेटा लीक की वास्तविकता और उसके संभावित प्रभाव को साबित करने के लिए पर्याप्त जानकारी नहीं दी है।

नाजरोवास के मुताबिक, ऐसे मामलों में हर दावे को सावधानी से देखना चाहिए और डेटा सैंपल की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में हैकर्स ने न तो कोई डेटा सैंपल उपलब्ध कराया है और न ही यह बताया है कि कथित तौर पर चोरी की गई जानकारी Nvidia की किस बिजनेस यूनिट से संबंधित है।

क्या है द जेंटलमेन रैंसमवेयर ग्रुप?

द जेंटलमेन रैंसमवेयर ग्रुप पहली बार जुलाई 2025 के आसपास सामने आया था। इसके बाद से यह साइबर अपराध की दुनिया में एक सक्रिय ग्रुप के तौर पर उभरा है। यह रैंसमवेयर-एज-ए-सर्विस (Ransomware-as-a-Service) मॉडल पर काम करता है। इस व्यवस्था में ग्रुप अपने रैंसमवेयर टूल्स उन एफिलिएट्स को उपलब्ध कराता है, जो अलग-अलग संगठनों को निशाना बनाते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह ग्रुप अपने एफिलिएट्स को वसूली गई फिरौती की रकम का 90 फीसदी हिस्सा अपने पास रखने की अनुमति देता है।

Ransomware.live ट्रैकर के आंकड़ों के मुताबिक, द जेंटलमेन अब तक 95 देशों में 1,123 पीड़ितों को निशाना बना चुका है। इसके कथित टारगेट में मनीग्राम, ग्लासडोर, LA मेट्रो, NATO कॉन्ट्रैक्टर इंद्रा, यूरोपियन डेटा एक्सचेंज प्लेटफॉर्म FTAPI और डच आइस एरिना थियाल्फ जैसी संस्थाएं शामिल हैं।

साइबर हमले के लिए AI का इस्तेमाल करता है ग्रुप

इस ग्रुप पर अपने रैंसमवेयर टूल्स को विकसित करने और उन्हें बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करने के आरोप भी लगे हैं। इसके अलावा, किसी टारगेट सिस्टम तक पहुंच हासिल करने के बाद अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए भी AI के उपयोग से इसे जोड़ा गया है।

बुलेट ट्रेन के पहले सेक्शन पर 20 नवंबर से दौड़ेगी बिजली, पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट अपने अहम पड़ाव पर

Nvidia की भारतीय कर्मचारी ने खोले जेन्सन हुआंग के राज, बताया बहन के कैंसर के समय कैसे की मदद

प्रशासकों का कार्यकाल बढ़ा, अध्यादेश को मंजूरी; अब यूपी में कब और कैसे होंगे पंचायत चुनाव?

Cyclone Akvan: कौन था राक्षस अकवान, जिसके नाम पर रखा गया चक्रवात का नाम? पढ़ें 1000 साल पुरानी कहानी

Kal Ka Mausam: 110 KM की रफ्तार से आगे बढ़ रहा तूफान अक्वान, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट