Meta Business Platform: WhatsApp ने भारत के कारोबारियों के लिए एक बड़ा AI अपडेट पेश किया है। बता दें कि कंपनी ने Meta Business Agent लॉन्च करने का ऐलान कर दिया है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित एक स्मार्ट टूल है। वहीं इसका उद्देश्य बिजनेसेस को ग्राहकों के साथ तेज, आसान और अधिक व्यक्तिगत तरीके से बातचीत करने में मदद करना है। इसके साथ ही Meta का दावा है कि यह AI एजेंट पहली ही बातचीत से ग्राहकों को उनकी जरूरत के मुताबिक बेहतर अनुभव देने में सक्षम होगा। ऐसे में डिजिटल कारोबार के तेजी से बढ़ते दौर में यह फीचर छोटे और बड़े दोनों तरह के व्यवसायों के लिए ग्राहक सेवा को पहले से कहीं अधिक स्मार्ट बना सकता है।
Meta Business Agent के बारे में बताए तो यह सिर्फ चैट का जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा। यह ग्राहकों के सवालों का जवाब देने, सही प्रोडक्ट या कैटलॉग सुझाने, अपॉइंटमेंट बुक करने और खरीदारी की प्रक्रिया पूरी कराने जैसे कई काम करेगा। इसके अलावा यह बिजनेस ओनर्स के लिए एक डिजिटल असिस्टेंट की तरह भी काम करेगा।
इसके साथ ही यह AI टूल बातचीत का सार तैयार करेगा, जरूरी इनसाइट्स देगा, ग्राहक सहभागिता पर नजर रखेगा और रोजमर्रा के बिजनेस ऑपरेशन को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद करेगा। इससे कारोबारियों का समय बचेगा और ग्राहक सेवा की गुणवत्ता भी बेहतर हो सकती है।
इसके साथ ही Meta ने Meta Business Agent Platform भी पेश किया है। इस प्लेटफॉर्म से बड़े व्यवसायों को अपने AI एजेंट तैयार करने और उन्हें अपनी जरूरत के अनुसार कस्टमाइज़ करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही इसे Shopify, Zendesk और Shopee जैसे मौजूदा बिजनेस सिस्टम्स से भी जोड़ा जा सकेगा। इतना ही नहीं Meta India के मैनेजिंग डायरेक्टर और कंट्री हेड अरुण श्रीनिवास ने कहा, "पूरी दुनिया में बातचीत के जरिए व्यापार करने के मामले में भारत सबसे तेजी से बढ़ता हुआ बाज़ार बन गया है। आज लोग और कंपनियां आपस में जुड़ने के लिए मैसेजिंग को सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। अब जबकि एआई कंपनियों के काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल रहा है, तो मेटा बिजनेस एजेंट इस बदलाव में एक अगला बड़ा कदम है।"
ये भी पढ़े: OpenAI को झटका? Microsoft ने बदली AI रणनीति, Excel और Outlook में अब अपने मॉडल्स का बढ़ा इस्तेमाल
WhatsApp जल्द ही एक नया बिजनेस डिस्कवरी फीचर भी शुरू करने वाला है। इसके बाद यूजर्स सीधे WhatsApp सर्च में किसी बिजनेस का नाम लिखकर उसे खोज सकते है। इतना ही नहीं, वे अपने दोस्तों और परिवार के साथ बिजनेस कॉन्टैक्ट्स भी आसानी से शेयर कर पाएंगे। इससे भरोसेमंद कारोबारियों तक पहुंच आसान होगी और WhatsApp एक मैसेजिंग ऐप से आगे बढ़कर बिजनेस प्लेटफॉर्म के रूप में और मजबूत हो सकता है।