AI Digital Avatar Amara में क्या है खास। Source. Social Media
टेक्नॉलजी

भारत ने साइप्रस में लॉन्च किया पहला AI डिजिटल अवतार अमारा, हिंदी-अंग्रेजी के साथ ग्रीक भाषा में भी करेगी बात

AI Digital Avatar Amara: साइप्रस में भारतीय उच्चायोग ने अपना पहला AI डिजिटल अवतार अमारा लॉन्च किया है। वहीं दिवाली के मौके पर शुरू की गई यह पहल विदेशों में रहने भी चर्चा का विषय बन गई है।

सिमरन सिंह

Highlight:

  • साइप्रस में भारतीय उच्चायोग ने अपना पहला AI डिजिटल अवतार अमारा लॉन्च किया है।

  • अमारा हिंदी, अंग्रेजी और ग्रीक तीन भाषाओं में संवाद करने में सक्षम है।

  • भारतीयों, छात्रों, पेशेवरों और कामगारों तक जरूरी सेवाओं की जानकारी पहुंचाना है।

Launch of Amara in Cyprus: भारत अब डिजिटल कूटनीति के जरिए विदेशों में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में साइप्रस में भारतीय उच्चायोग ने अपना पहला AI डिजिटल अवतार अमारा लॉन्च किया है। वहीं दिवाली के मौके पर शुरू की गई यह पहल विदेशों में रहने वाले भारतीयों और स्थानीय नागरिकों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने में मदद करेगी। वहीं इसकी खास बात यह है कि अमारा हिंदी, अंग्रेजी और ग्रीक तीन भाषाओं में संवाद कर सकेगी। इसे भारतीय उच्चायोग के डिजिटल फेस के रूप में पेश किया गया है।

दिवाली पर हुई AI अवतार अमारा की शुरुआत

साइप्रस की राजधानी निकोसिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने दिवाली के अवसर पर करीब ढाई मिनट का एक वीडियो जारी कर अमारा को दुनिया के सामने पेश किया। इस वीडियो में डिजिटल अवतार खुद अपना परिचय देती है और भारत-साइप्रस के रिश्तों को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका बताती है। भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा, "अमारा डिजिटल कूटनीति और जनसंपर्क के क्षेत्र में एक नई पहल है। इसके माध्यम से उच्चायोग अपनी गतिविधियों, भारत से जुड़ी जानकारियों और सामुदायिक पहलों को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम करेगा।"

तीन भाषाओं में करेगी लोगों से बातचीत

अमारा की खासियत इसका बहुभाषी संवाद है। यह हिंदी, अंग्रेजी और ग्रीक भाषा में लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार की गई है। इससे साइप्रस में रहने वाले भारतीयों के साथ-साथ वहां के स्थानीय नागरिकों को भी उच्चायोग से जुड़ी जानकारी समझने में आसानी हो सकती है। वहीं वीडियो संदेश में अमारा कहती है, "मेरा वजूद महज तकनीक नहीं बल्कि मानवीय संबंधों पर भी आधारित है। भारत-साइप्रस के रिश्ते जो काफी मजबूत हैं, अब मैं उनको और सुदृढ़ करने की कोशिश करूंगी।"

वीजा और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी देने में करेगी मदद

भारतीय उच्चायोग की इस डिजिटल पहल का एक प्रमुख उद्देश्य साइप्रस में रहने वाले प्रवासी भारतीयों, छात्रों, पेशेवरों और कामगारों तक जरूरी सेवाओं की जानकारी पहुंचाना है। अमारा डिजिटल मित्र के तौर पर वीजा, पासपोर्ट, कांसुलर सेवाओं और उच्चायोग की गतिविधियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

डिजिटल कूटनीति में भारत की नई पहल

AI तकनीक का इस्तेमाल अब केवल कारोबार और रोजमर्रा के कामों तक सीमित नहीं है। भारत की यह पहल दिखाती है कि डिजिटल अवतार के जरिए विदेशों में रहने वाले समुदायों से संपर्क को भी आधुनिक बनाया जा सकता है। लेकिन अमारा किन सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल रूप से उपलब्ध करा सकेगी इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

अमेरिका को चीन से बड़ी राहत: 24% टैरिफ पर दो महीने की रोक बढ़ी, लेकिन 10% ड्यूटी अभी भी जारी

शेख हसीना फिर जाएंगी बांग्लादेश! नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए किया आवेदन

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में घुला सियासी धुआं, पंजाब पर आरोपों की आतिशबाजी! खेतों में आग किसने लगाई?

अंतिम संस्कार के लिए हजारीबाग से वाराणसी जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण टक्कर में 7 की मौत,14 घायल

कैंसर की 1,364 दवाएं 96 प्रतिशत तक हुईं सस्ती, दवाओं की लिस्ट और नई MRP दरें यहां देखें