ASUS Chromebook India: ASUS ने भारतीय बाजार में अपने Chromebook पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया ASUS Chromebook CX15 (CX1505CTA) लॉन्च कर दिया है। इस लैपटॉप को लेकर बताया जा रहा है कि यह खासतौर पर छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स और पहली बार लैपटॉप खरीदने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बता दें कि कंपनी ने इसकी कीमत 47,990 रुपये रखी है। वहीं खास बात यह है कि पहली बार ASUS अपने Chromebook को भारत में ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स के जरिए भी उपलब्ध करा रही है जिससे ज्यादा से ज्यादा ग्राहक ChromeOS और Google AI का अनुभव ले सकेंगे।
ASUS Chromebook CX15 के बारे में बताए तो इसमें ChromeOS और Google AI का सपोर्ट दिया गया है जो यूजर्स को सुरक्षित क्लाउड-बेस्ड कंप्यूटिंग, तेज परफॉर्मेंस और आसान प्रोडक्टिविटी का अनुभव देता है। चाहे ऑनलाइन क्लास अटेंड करनी हो, प्रेजेंटेशन तैयार करनी हो, रिसर्च करनी हो या टीम के साथ मिलकर किसी प्रोजेक्ट पर काम करना हो Google AI के नए फीचर्स इन सभी कामों को पहले से आसान और तेज बना सकते हैं।
वहीं इसको लेकर कंपनी का कहना है कि यह लैपटॉप न केवल पढ़ाई और ऑफिस के काम के लिए उपयोगी है बल्कि मनोरंजन और मल्टीटास्किंग के लिए भी बेहतर विकल्प साबित होगा। साथ ही इसमें एंटरप्राइज-लेवल सिक्योरिटी और हल्का लेकिन मजबूत डिजाइन भी दिया गया है।
ASUS ने अपने ग्राहको के लिए खरीदारी को आसान बनाने के लिए ASUS Easy Pay के तहत 0% नो-कॉस्ट EMI की सुविधा भी शुरू की है। जिसमें इसकी शुरुआत कीमत 3,999 रुपये प्रति माह रखी गई है। इसके अलावा ग्राहकों को 1 साल की स्टैंडर्ड वारंटी और 1 साल का एक्सीडेंटल डैमेज प्रोटेक्शन भी मिलेगा। यह नया Chromebook ASUS Exclusive Stores, ROG Stores, अधिकृत रिटेल पार्टनर्स, Reliance Digital, ASUS e-Shop और देशभर के प्रमुख रिटेल स्टोर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
इस खास लॉन्च के मौके पर ASUS इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट, कंज्यूमर एंड गेमिंग बिजनेस सिस्टम अर्नोल्ड सू ने कहा, "डिजिटल लर्निंग, हाइब्रिड वर्क और एआई जिस तेजी से रोजमर्रा की कंप्यूटिंग का हिस्सा बन रहे हैं उसे देखते हुए लोग ऐसे डिवाइस चाहते हैं जो आसान हों, सुरक्षित हों और स्मार्ट फीचर्स से लैस हों। क्रोमबुक आज छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स और परिवारों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरे हैं। एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 के जरिए हम इस अनुभव को और ज्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं। यह सिर्फ नया एआई आधारित क्रोमबुक लॉन्च नहीं है बल्कि भारत में पहली बार हमारे ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क के जरिए भी ग्राहक क्रोमओएस और गूगल एआई का अनुभव ले सकेंगे।"
वहीं इसको लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में AI-आधारित डिवाइस और क्लाउड कंप्यूटिंग की बढ़ती मांग को देखते हुए ASUS का यह कदम छात्रों और नए लैपटॉप खरीदारों के लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकता है।