

WhatsApp Account in Review: भारत समेत कई देशों में हजारों WhatsApp यूजर्स इन दिनों एक अजीब समस्या का सामना कर रहे हैं। जिसमें लोगों ने रोज की तरह ऐप खोला तो उनकी स्क्रीन पर Account in review का मैसेज दिखाई दे रहा था। इसके बाद यूजर्स न तो किसी को मैसेज भेज पा रहे हैं और न ही अपनी पुरानी चैट्स एक्सेस कर पा रहे हैं। वहीं अचानक बड़ी संख्या में अकाउंट्स 24 घंटे के रिव्यू पर जाने से सोशल मीडिया पर भी शिकायतों की बाढ़ आ गई है। ऐसे में अगर आपका अकाउंट भी इस समस्या की चपेट में आया है तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसको सही करने के लिए सही प्रक्रिया अपनाना जरूरी है।
WhatsApp की आधिकारिक सहायता गाइड ने जानकारी दी है कि जब किसी अकाउंट पर कंपनी की Terms of Service के उल्लंघन का संदेह होता है तो उसे अस्थायी रूप से रिव्यू में डाल दिया जाता है। सबसे बड़ा कारण थर्ड-पार्टी ऐप्स जैसे GB WhatsApp या WhatsApp Plus का इस्तेमाल माना जा रहा है। इसके अलावा बल्क मैसेज भेजना, स्पैम गतिविधियां, अनधिकृत डेटा स्क्रैपिंग या संदिग्ध व्यवहार भी अकाउंट को रिव्यू में भेज सकता है।
देखा जा रहा है कि जब किसी अकाउंट पर Account in review दिखाई देता है तब WhatsApp की सुरक्षा टीम उस अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस से जुड़ी जानकारी की जांच करती है। इस दौरान यूजर ऐप की किसी भी सुविधा का उपयोग नहीं कर सकता। वहीं आमतौर पर यह प्रक्रिया 24 घंटे के भीतर पूरी हो जाती है और उसके बाद कंपनी अपने फैसले की जानकारी नोटिफिकेशन के जरिए देती है। अगर जांच में कोई गंभीर नियम उल्लंघन नहीं मिलता तो अकाउंट दोबारा चालू हो सकता है।
जानकारी के लिए बता दें कि अगर आपका अकाउंट रिव्यू में चला गया है तो ऐप के अंदर मौजूद Send review request विकल्प पर टैप करें। इसके बाद अपनी समस्या लिखकर रिक्वेस्ट सबमिट करें। इसमें ध्यान रखें कि एक समय में केवल एक फोन नंबर की ही समीक्षा की जाती है। यदि ऐप में रिव्यू रिक्वेस्ट का विकल्प दिखाई नहीं देता तो इसका मतलब हो सकता है कि अकाउंट पर स्थायी कार्रवाई की गई है।
बता दें कि रिव्यू रिक्वेस्ट भेजने के बाद बार-बार सपोर्ट टीम से संपर्क करने या दूसरे अकाउंट से मैसेज करने से प्रक्रिया तेज नहीं होती। साथ ही किसी भी थर्ड-पार्टी एजेंसी या व्यक्ति के पास आपका WhatsApp अनबैन कराने का अधिकार नहीं होता। भविष्य में ऐसी परेशानी से बचने के लिए हमेशा Google Play Store या Apple App Store से आधिकारिक WhatsApp डाउनलोड करें, स्पैम या बल्क मैसेज भेजने से बचें और किसी भी मॉडिफाइड ऐप का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। ऐसा करने से आपका अकाउंट सुरक्षित रहेगा और स्थायी बैन का खतरा भी कम होगा।