विराट कोहली वनडे में नंबर-3 पर 13,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के 12,662 रन को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
विराट कोहली ने नंबर-3 पोजीशन पर 61.61 की बेहतरीन औसत से 48 शतक लगाए।
Most Runs at Number 3 in ODI: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में एक बड़ा इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मुकाबले में मैदान पर उतरते ही 'किंग कोहली' ने वह मुकाम हासिल कर लिया, जहां आज तक दुनिया का कोई भी बल्लेबाज नहीं पहुँच सका।
कोहली ने वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए अपने 13,000 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले वह विश्व के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मुकाबले में अपनी पारी का 12वां रन बनाते ही उन्होंने इस ऐतिहासिक आंकड़े को छू लिया।
दरअसल, वनडे क्रिकेट में नंबर-3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में विराट कोहली अब शीर्ष पर काबिज हो गए हैं। कोहली ने यह जादुई आंकड़ा 61.61 की अविश्वसनीय औसत के साथ छुआ है।
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिन्होंने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 42.48 की औसत से 12,662 रन बनाए थे। कोहली ने पोंटिंग के इस सालों पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।
विराट कोहली (भारत): 13,000+ रन (औसत: 61.61)
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया): 12,662 रन (औसत: 42.48)
कुमार संगकारा (श्रीलंका): 9,747 रन
जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका): 7,774 रन
केन विलियमसन (न्यूजीलैंड): 6,504 रन
आपको बता दें कि विराट कोहली ने नंबर-3 पोजीशन पर खेलते हुए अब तक 251 पारियां खेली हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 48 शतक और 69 अर्धशतक निकले हैं। इस स्थान पर उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 183 रन रहा है। आंकड़ों की बात करें तो कोहली इस पोजीशन पर 40 पारियों में नाबाद रहे हैं, जबकि 19 बार वह खाता खोले बिना आउट हुए हैं।
विराट कोहली ने न सिर्फ नंबर-3 बल्कि नंबर-4 पर भी भारतीय टीम के लिए शानदार भूमिका निभाई है। उन्होंने चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए 39 पारियों में 55.21 की बेहतरीन औसत के साथ 1,767 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 7 शानदार शतक भी निकले हैं।