Satwik Chirag Beat Popov Brothers China Masters: भारतीय बैडमिंटन की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चाइना मास्टर्स में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने गुरुवार को फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव को रोमांचक मुकाबले में 21-17, 22-24, 21-9 से हराया।
सात्विक और चिराग ने पहला गेम 21-17 से अपने नाम किया। शुरुआत में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत कर ली। दबाव के बावजूद सात्विक और चिराग ने धैर्य बनाए रखा और पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में पोपोव भाइयों ने जोरदार वापसी की। फ्रांस की जोड़ी ने भारतीय खिलाड़ियों को लगातार चुनौती दी और मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। पोपोव भाइयों ने 24-22 से दूसरा गेम जीतकर मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। इसके बाद सात्विक और चिराग ने अपना खेल पूरी तरह बदल दिया। तीसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही तेज और आक्रामक खेल दिखाया।
उन्होंने बड़ी बढ़त बनाई और पोपोव भाइयों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय जोड़ी ने निर्णायक गेम 21-9 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में सात्विक-चिराग ने कुल 64 अंक हासिल किए, जबकि पोपोव भाइयों के खाते में 50 अंक रहे। भारतीय जोड़ी ने 9 गेम प्वाइंट जीते, जबकि फ्रांस की जोड़ी सिर्फ 2 गेम प्वाइंट ही जीत सकी।
सात्विक और चिराग ने चाइना मास्टर्स में अपने अभियान की शुरुआत राउंड ऑफ 32 से की थी। उन्होंने मलेशिया के जुनैदी आरिफ और कांग खाई जिंग को सीधे गेम में हराया था।
चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने कोर्ट 1 पर सिर्फ 40 मिनट में 21-11, 21-16 से मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बनाई थी। अब शानदार लय में चल रही सात्विक-चिराग की जोड़ी की नजरें क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने पर होंगी।