मेसी के संन्यास पर सौरव गांगुली बोले- महान खिलाड़ियों को एक दिन जाना ही पड़ता है

Sourav Ganguly Statement: मेसी के संन्यास पर बोले सौरव गांगुली- महान खिलाड़ियों को एक दिन जाना ही पड़ता है। उन्होंने मेसी की विरासत को अद्वितिय बताया।
Sourav Ganguly on Messi's retirement: Great players have to leave one day.
सौरव गांगुली (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sourav Ganguly On Lionel Messi Retirement: विश्व के महानतम फुटबॉलरों में शामिल लियोनेल मेसी के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने पर भारत के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। गांगुली ने कहा कि खेल में महान खिलाड़ियों का संन्यास लेना तय है, लेकिन मेसी ने ऐसी विरासत छोड़ी है जिसकी बराबरी करना बेहद मुश्किल होगा।

गांगुली ने कहा, 'खेल का यही मतलब है। बेहतरीन खिलाड़ियों को कभी न कभी संन्यास लेना ही पड़ता है। उन्होंने लंबे समय तक शानदार खेल दिखाया है, लेकिन खेल में ऐसा होना तय है। बेहतरीन खिलाड़ियों को जाना ही पड़ता है और उन्होंने ऐसी विरासत छोड़ी है जिसकी बराबरी करना बहुत मुश्किल होगा।'

गांगुली ने मेसी की तुलना अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना से भी की। उन्होंने कहा कि उन्होंने माराडोना को खेलते देखा है और मेसी भी अर्जेंटीना से हैं। उनके जैसी विरासत को आगे बढ़ाना आसान नहीं है।

उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना, ब्राजील, इंग्लैंड, जर्मनी और स्पेन जैसे देश फुटबॉल के बड़े केंद्र हैं और लगातार विश्वस्तरीय खिलाड़ी तैयार करते रहते हैं। इसलिए उम्मीद है कि जल्द ही कोई नया महान खिलाड़ी सामने आएगा।

ब्राजील के भारत आने पर बोले गांगुली

पांच बार की विश्व कप विजेता ब्राजील की टीम इसी साल भारत आएगी। दोनों देशों के बीच 3 अक्टूबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में मैत्री मुकाबला खेला जाएगा।

इस मैच को लेकर गांगुली ने कहा कि ब्राजील फुटबॉल खेलने वाले दुनिया के सबसे महान देशों में से एक है। उन्हें उम्मीद है कि ब्राजील मजबूत टीम के साथ भारत आएगा और भारतीय फुटबॉलरों को इससे काफी अच्छा अनुभव मिलेगा।

गांगुली ने कहा, 'जब आप अपने से बेहतर खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं, तो आप भी बेहतर बनते हैं। इसलिए यह भारतीय फुटबॉल के लिए बहुत अच्छा है।'

युवाओं के लिए खेल को बताया जरूरी

पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि खेल लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित करता है। युवा लड़के-लड़कियों को फुटबॉल या क्रिकेट खेलने का मौका देना जरूरी है, क्योंकि खेल उन्हें बेहतर जिंदगी की दिशा देता है। गांगुली ने कहा कि युवाओं के लिए ऐसे मौके बहुत जरूरी हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारत में खेल को बढ़ावा देने का ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Sourav Ganguly on Messi's retirement: Great players have to leave one day.
भारत में पहली बार होगा वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज का आयोजन, अहमदाबाद में जुटेंगे 20 देशों के पैरा तीरंदाज

नेपाल की बाढ़ पर जताया दुख

नेपाल में आई भयानक बाढ़ में 1,200 से ज्यादा लोगों की मौत पर भी गांगुली ने दुख जताया। उन्होंने नेपाल के लोगों और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गांगुली ने कहा कि प्राकृतिक आपदा का सामना करना बेहद मुश्किल होता है। ऐसी घटनाएं किसी देश की पूरी व्यवस्था को प्रभावित कर देती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेपाल के लोग इस मुश्किल समय से जल्द उबर पाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com