नई दिल्ली: 15 अगस्त को आज पूरा भारत स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। जहां सब अपने-अपने तरीकों से आजादी दिवस को मना रहे हैं। वहीं देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश को अपने अंदाज ने आजादी दिवस की बधाई दी। साथ ही खेल जगत के कई दिग्गजों ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है।
क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल विजेता नीरज चोपड़ा, हॉकी टीम के गोलकीपर श्रीजेश, टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है।
सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, “केवल खिलाड़ी ही भारत के लिए नहीं खेलते हैं। हर भारतीय जो ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना काम करता है, वह टीम इंडिया के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी है। इसलिए, जब आज राष्ट्रगान बजेगा, तो जान लें कि यह आपके लिए है। मुझे उम्मीद है कि आप भी वैसा ही महसूस करेंगे जैसा मैंने हर बार भारत के लिए खेलने के लिए बाहर निकलते समय इसे सुनकर किया था।”
नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तिरंगे के साथ एक फोटो शेयर की है और लिखा है- "स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जय हिंद!"
भारतीय हॉकी में भारत का दीवार कहे जाने वाले पीआर श्रीजेश ने एक्स पर ब्रॉन्ज मेडल को दिखाते हुए एक फोटो शेयर की है, जिसके कैप्शन में लिखा है- "प्राउड इंडियन... आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! स्वतंत्रता और देशभक्ति की भावना आपके दिल को गर्व से भर दे... जय हिंद"
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने पूरे परिवार और स्टाफ के साथ अपने घर पर तिरंगा फहराया। उन्होंने पोस्ट शेयर कर लिखा, "स्वतंत्रता एक कीमत पर मिलती है। हमारे नायक हर दिन अपने खून से इसकी कीमत चुकाते हैं! कभी मत भूलना #स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।"
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भी एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा- "78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, आइए हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का सम्मान करें और उन मूल्यों पर चिंतन करें जो हमें एक राष्ट्र के रूप में बांधते हैं। आइए हम सभी के लिए न्याय, स्वतंत्रता और समानता के आदर्शों को बनाए रखें। जय हिंद!"
जानकारी के लिए बता दें कि भारत आज 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पूरे देश में उत्साह का माहौल है। 78वें स्वतंत्रता दिवस की थीम विकसित भारत है। इसके तहत स्वतंत्रता के 100वें साल 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।