PM Modi Praises PV Sindhu And Indian Womens Cricket Team: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड में ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हाल के दिनों में भारतीय खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि देश के युवा वैश्विक मंच पर लगातार भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'कॉमनवेल्थ गेम्स कुछ दिन पहले ग्लासगो में शुरू हुए हैं। पूरा देश भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं दे रहा है। हर भारतीय चाहता है कि हमारे खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करें और अपने खेल से सभी का दिल जीतें।'
पीएम मोदी ने बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु की उपलब्धि की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सिंधु जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी हैं और पूरे देश को उनकी इस सफलता पर गर्व है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लॉर्ड्स में मिली ऐतिहासिक टेस्ट जीत को भी याद किया। उन्होंने कहा कि टीम ने 270 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। उन्होंने कहा, 'भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच जीता। यह ऐतिहासिक जीत है।'
पीएम मोदी ने बताया कि लॉर्ड्स के लंबे इतिहास में यह पहली बार था जब वहां महिला टीम का टेस्ट मैच खेला गया। उन्होंने 1983 विश्व कप जीत की याद दिलाते हुए कहा कि जिस मैदान पर भारत ने पहला क्रिकेट विश्व कप जीता था, उसी मैदान पर अब 'नारी शक्ति' ने देश का गौरव बढ़ाया है।
यह भी पढ़ें- FIH Youth Hockey5s Asia Championship: पाकिस्तान को 3-1 से हराकर भारत बना चैंपियन, महिला टीम ने जीता रजत पदक
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में केरल के एर्नाकुलम जिले के साउथ चित्तूर स्थित एक स्कूल की अनोखी पहल की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि वहां के संस्कृत क्लब में शिक्षक अभिलाष ने 'अक्षरकंदुक' नाम की परियोजना शुरू की है, जिसमें फुटबॉल से जुड़े शब्दों के जरिए संस्कृत अक्षरों को आसान और रोचक तरीके से सिखाया जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक पहल न केवल संस्कृत सीखने को आसान बनाती है, बल्कि युवाओं को खेलों से भी जोड़ती है और शिक्षा व संस्कृति के साथ खेलों का बेहतर समन्वय स्थापित करती है।