Japan Open 2026: पीवी सिंधु और ध्रुव-तनिषा की शानदार जीत, सात्विक-चिराग चोट के कारण बाहर

Japan Open 2026 Badminton: जापान ओपन 2026 में पीवी सिंधु और ध्रुव-तनिषा की जोड़ी अगले दौर में पहुंची चुकी है, जबकि सात्विक-चिराग चोट के कारण पहले ही दौर से बाहर हो गए।
Japan Open 2026: Brilliant wins for PV Sindhu and Dhruv-Tanisha; Satwik-Chirag out due to injury.
पीवी सिंधु (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

PV Sindhu Wins Opening Match At Japan Open 2026: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो ने जापान ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली है। वहीं, स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी चोट के कारण अपना मुकाबला पूरा नहीं कर सकीं और पहले ही दौर से बाहर हो गई।

पीवी सिंधु की शानदार शिरुआत

बीडब्ल्यूएफ सुपर(BWF) 750 टूर्नामेंट के पहले दौर में पीवी सिंधु ने मलेशिया की 'वोंग लिंग चिंग' को सिर्फ 36 मिनट में 21-14, 21-11 से हराकर शानदार शुरुआत की। सिंधु ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और सीधे गेमों में जीत दर्ज करके राउंड दो में प्रवेश कर लिया है।

कपिला और क्रास्टो की जोड़ी ने किया अच्छा प्रदर्शन

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर का टिकट कटाया।

हालांकि, भारत को कुछ निराशा भी हाथ लगी। रोहन कपूर और ऋत्विका शिवानी गड्डे की मिश्रित युगल जोड़ी को चीन की शीर्ष वरीय जोड़ी 'फेंग यान झे' और 'हुआंग डोंग पिंग' ने 21-11, 21-10 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुनन और एम.आर. अर्जुन ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की, लेकिन ताइवान की 'ली जे-हुई' और यांग 'पो-ह्सुआन' के खिलाफ मुकाबला 13-21, 21-17, 7-21 से हार गए।

विश्व नंबर-4 जोड़ी रही फेल

भारत को सबसे बड़ा झटका सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के रूप में लगा। विश्व नंबर-4 भारतीय जोड़ी डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड के खिलाफ पहला गेम 19-21 से हारने के बाद सात्विक के कंधे की पुरानी चोट उभरने के कारण मैच से हट गई। इसी चोट की वजह से ये जोड़ी अगले हफ्ते होने वाले चाइना ओपन में भी हिस्सा नहीं ले पाएगी और अब उनका पूरा ध्यान अगले महीने भारत में होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप पर रहेगा।

सात्विक और चिराग ने मई में सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल बाद बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब अपने नाम किया था, लेकिन इंडोनेशिया ओपन के दौरान सात्विक की चोट फिर से बढ़ गई थी।

भारत को है पहले जापान ओपन खिताब का इंतजार

9.5 लाख अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाले जापान ओपन को विश्व चैंपियनशिप और इस साल होने वाले एशियाई खेलों से पहले बेहद अहम माना जा रहा है। भारत अब भी अपने पहले जापान ओपन खिताब का इंतजार कर रहा है और भारतीय खिलाड़ी इस बार उस इस खिताब को पाने की पूरी कोशिश करेंगे।

राउंड 1 के नतीजे-

स्पर्धा विजेता परिणाम
महिला एकल पी. वी. सिंधु (भारत) वोंग लिंग चिंग (मलेशिया) को 21-14, 21-11 से हराया
मिश्रित युगल ध्रुव कपिला / तनिषा क्रास्टो (भारत) अलेक्जेंडर डन / जूली मैकफर्सन (स्कॉटलैंड) को 21-16, 21-14 से हराया
मिश्रित युगल फेंग यान झे / हुआंग डोंग पिंग (चीन) रोहन कपूर / रुथविका शिवानी गड्डे (भारत) को 21-11, 21-10 से हराया
पुरुष युगल डेनियल लुंडगार्ड / मैड्स वेस्टरगार्ड (डेनमार्क) सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी / चिराग शेट्टी (भारत) 21-19 पर रिटायर्ड
पुरुष युगल ली जे-हुई / यांग पो-ह्सुआन (चीनी ताइपे) हरिहरन अम्साकरुनन / एम. आर. अर्जुन (भारत) को 21-13, 17-21, 21-7 से हराया
Navbharat Live
navbharatlive.com