FIH Youth Hockey5s Asia Championship: पाकिस्तान को 3-1 से हराकर भारत बना चैंपियन, महिला टीम ने जीता रजत पदक

IND vs PAK Hockey5s: FIH यूथ हॉकी5s एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब जीता। वहीं भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में रजत पदक अपने नाम किया।
FIH Youth Hockey5s Asia Championship: India crowned champions after defeating Pakistan 3-1; women's team wins silver medal.
भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India vs Pakistan FIH Youth Hockey5s Final: भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी5s एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच गंवाए बिना अपराजेय रहते हुए एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारतीय टीम एलीट पूल तालिका में भी शीर्ष स्थान पर रही थी।

भारत का शुरुआती आक्रामक खेल

फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में रोमित पाल ने 5वें मिनट में गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।दूसरे हाफ की शुरुआत में भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी। इसके ठीक एक मिनट बाद शाहरुख अली ने 13वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।

भारतीय रक्षा पंक्तियों का दमदार प्रर्दशन

पाकिस्तान की ओर से मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एकमात्र गोल कर अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने अंतिम मिनटों में कोई और मौका नहीं दिया और भारत ने मुकाबला 3-1 से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों ने उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5s विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

महिला टीम ने जीता रजत पदक

महिला वर्ग में भारतीय सब-जूनियर टीम ने फाइनल में चीन के खिलाफ बेहद कड़ा मुकाबला खेला, लेकिन उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस उपविजेता प्रदर्शन के बावजूद भारतीय महिला टीम ने रजत पदक अपने नाम किया और पुरुष टीम की तरह ही विश्व कप का टिकट भी पक्का कर लिया। इस तरह टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन कर भारत की दोनों टीमें पदक जीतकर गौरव के साथ स्वदेश लौटेंगी।

खिलाड़ियों पर इनामों की बौछार

भारतीय टीमों के इस शानदार प्रदर्शन से खुश होकर हॉकी इंडिया ने स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम और रजत पदक जीतने वाली महिला टीम के सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है-

श्रेणी पुरस्कार राशि
स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी 2 लाख रुपये
पुरुष टीम के प्रत्येक सहयोगी स्टाफ सदस्य 1 लाख रुपये
रजत पदक जीतने वाली महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी 1 लाख रुपये
महिला टीम के प्रत्येक सहयोगी स्टाफ सदस्य 50 हजार रुपये

FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए तैयार

इस जीत ने भारत के यूथ हॉकी प्रोग्राम की बढ़ती मजबूती को दिखाया है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, रणनीतिक अनुशासन बनाए रखा और संयम दिखाया। एशिया की कुछ सबसे मजबूत टीमों के खिलाफ बिना कोई मैच हारे आगे बढ़ना, जमीनी स्तर पर तैयार हो रहे टैलेंट की गहराई को दर्शाता है। उम्मीद है कि चैंपियनशिप की इस जीत से पहले FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए टीम का आत्मविश्वास बढ़ेगा, जहां भारत अपनी जीत की लय को ग्लोबल स्टेज पर भी बनाए रखने की कोशिश करेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com