Pawan Sehrawat Replaces Tajinderpal Toor: एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में भारत के फ्लैग-बेयरर के तौर पर बदलाव किया गया है। आखिरी समय में किट में देरी के कारण शॉट पुट खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर के पास सेरेमोनियल पोशाक नहीं थी, इसलिए पवन सहरावत को भारत का पुरुष ध्वजवाहक बनाया गया।
पवन सहरावत शनिवार शाम आइची-नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और शूटर मनु भाकर के साथ भारत के फ्लैग-बेयरर होंगे।
भारतीय एथलेटिक्स दल के 75 सदस्यों को उनके आधिकारिक कॉम्पिटिशन गियर तो मिल गए लेकिन उनकी सेरेमोनियल किट गलती से भारत में ही छूट गई। टूर की सेरेमोनियल ड्रेस इवेंट शुरू होने से कुछ ही घंटे पहले नागोया एयरपोर्ट पहुंचने वाली थी।
ये जानते हुए कि वो समय पर किट लेकर पालोमा मिजुहो स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, टूर ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) को औपचारिक रूप से सूचित किया कि वो इस इवेंट में शामिल नहीं होंगे।
पवन सहरावत के लिए फ्लैग-बेयरर बनने की जिम्मेदारी उनके कबड्डी करियर में एक और बड़ी उपलब्धि है। वह पिछले एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का हिस्सा थे। उस समय उन्होंने टीम की कप्तानी भी की थी।
इस बार भारतीय टीम की कप्तानी सुनील कुमार करेंगे, जबकि पवन सहरावत टीम में अहम भूमिका निभाएंगे। सहरावत की कप्तानी में भारत ने 2023 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब भी जीता था। कबड्डी में उनके योगदान के लिए उन्हें 2023 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
भारत के एथलीट फिलहाल एशियन गेम्स की तैयारियों में जुटे हैं। भारतीय एथलेटिक्स टीम 13 सितंबर से टोक्यो के पास यूनिवर्सिटी ऑफ त्सुकुबा में ट्रेनिंग और मौसम के अनुसार खुद को ढालने के लिए कैंप कर रही है। टीम सोमवार को नागोया पहुंची।
एथलेटिक्स के मुकाबले नागोया पहुंचने के दो दिन बाद शुरू होने हैं। वहीं, शनिवार की ओपनिंग सेरेमनी के साथ ही आइची-नागोया एशियन गेम्स की आधिकारिक शुरुआत हो जाएगी।