पर्थ: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने जिंबाब्वे (Pakistan vs Zimbabwe) के खिलाफ मोहम्मद वसीम जूनियर (Mohammad Wasim) के रूप में अतिरिक्त तेज गेंदबाज को खिलाने के फैसले का बचाव किया। पाकिस्तान को जिंबाब्वे के खिलाफ मौजूदा टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2022) में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा जिससे टीम पर टूर्नामेंट से जल्द बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ दिल तोड़ने वाली हार के कुछ दिन बाद 2009 के चैंपियन पाकिस्तान को बृहस्पतिवार को जिंबाब्वे के खिलाफ एक रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
बाबर (Babar Azam) ने मैच के बाद कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो हम तीनों ही विभाग में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। यह टीम और कप्तान के रूप में काफी मुश्किल समय है।'' पाकिस्तान इस मुकाबले में वसीम के रूप में अतिरिक्त तेज गेंदबाज लेकर उतरा और उन्होंने 24 रन पर चार विकेट चटकाकर अपने चयन को सही भी साबित किया। उनकी धारदार गेंदबाजी से जिंबाब्वे की टीम आठ विकेट पर 130 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम में हालांकि गहराई नहीं दिखी और टीम छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए एक रन से हार गई। अतिरिक्त तेज गेंदबाज उतारने का बचाव करते हुए बाबर ने कहा, ‘‘इस पिच पर तेज गेंदबाजों की जरूरत थी इसलिए हमने इस तरह की योजना बनाई और अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ उतरे।''
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं और रिजवान आउट हुए तो शान (मसूद) और शादाब (खान) ने साझेदारी की। लेकिन शादाब के आउट होने के बाद हमारा बल्लेबाजी क्रम ढह गया और हम मैच सही तरीके से खत्म नहीं कर पाए।''
शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद पाकिस्तान की टीम रविवार को करो या मरो के मुकाबले में नीदरलैंड से भिड़ेगी और बाबर ने मजबूत वापसी का वादा किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास दो दिन का समय है और हम एक साथ बैठकर गलतियों पर चर्चा करेंगे और फिर मजबूत वापसी करेंगे।'' (एजेंसी)