पाकिस्तान बनाम श्रीलंका  सोर्स- सोशल मीडिया
खेल

PAK vs SL 1st Test: सऊद शकील की जुझारू पारी से पाक ने बचाया पहला टेस्ट, WTC 2025-27 में खेला पहला ड्रॉ मुकाबला

Rawalpindi Cricket Stadium Test: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा। सऊद शकील 97 रन बनाकर शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने पाकिस्तान को हार से बचा लिया।

राहुल उपाध्याय

Highlights

  • रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया पहला टेस्ट पांचवें और अंतिम दिन ड्रॉ रहा।

  • सऊद शकील लगातार दूसरी पारी में शतक से चूक गए, लेकिन उनके 97 रनों ने श्रीलंका की जीत की उम्मीदें खत्म कर दीं।

  • विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में यह पाकिस्तान का पहला ड्रॉ मुकाबला है।

PAK vs SL 1st Test Match Draw: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया पहला टेस्ट मैच शुक्रवार को पांचवें और अंतिम दिन ड्रॉ पर समाप्त हुआ। बाएं हाथ के बल्लेबाज सऊद शकील लगातार दूसरी पारी में अपने शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 97 रन की जुझारू पारी की बदौलत पाकिस्तान ने श्रीलंका की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में यह पाकिस्तान का पहला ड्रॉ मुकाबला है।

शकील की पारी ने बचाई पाकिस्तान की लाज

दरअसल, पहली पारी में 434/9 पर पारी घोषित करने के बाद पाकिस्तान टीम को दूसरी पारी में शुरुआती झटकों का सामना करना पड़ा। बादलों से घिरे मौसम में श्रीलंका के तेज गेंदबाजों ने पहले सत्र में पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोरते हुए स्कोर पांच विकेट पर 125 रन कर दिया था। ऐसे कठिन समय में सऊद शकील ने एक छोर संभाले रखा।

पहली पारी में 93 रन बनाने वाले शकील ने दूसरी पारी में भी लगभग पूरे अंतिम दिन क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की। हालांकि, पांचवें दिन के अंतिम सत्र में 210 गेंदों का सामना करने के बाद लाहिरू कुमारा ने उन्हें बोल्ड कर दिया। शकील के आउट होने तक पाकिस्तान ने आठ विकेट पर 284 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 272 रन हो गई थी। इसके तुरंत बाद दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ मिलाकर मुकाबले को ड्रॉ घोषित कर दिया।

गाजी गोरी के साथ की अहम साझेदारी

श्रीलंका टीम ने अपनी पहली पारी में 446 रन बनाए थे, जिससे उसे मामूली बढ़त मिली थी। दूसरी पारी में संकट में फंसी पाकिस्तानी टीम को शकील और गाजी गोरी (35 रन) ने संभाला। दोनों के बीच हुई 92 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी ने श्रीलंका को मैच से बाहर कर दिया।

दूसरी ओर, कप्तान बाबर आजम एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 48 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मोहम्मद ताहा ने 57 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से मिलन रत्नायके ने 47 रन देकर तीन विकेट झटके। असिथा फर्नांडो (2/35) और लाहिरू कुमारा (2/65) ने भी अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

बारिश ने बिगाड़ा खेल, दूसरे टेस्ट का वेन्यू भी बदला

इस टेस्ट मैच में मौसम का बड़ा दखल रहा। खराब रोशनी के कारण अंतिम दिन भी खेल 20 मिनट तक रोकना पड़ा। पूरे मैच के शुरुआती चार दिनों में खराब रोशनी और बारिश की वजह से कुल 117 ओवर का खेल बर्बाद हुआ था।

गौरतलब है कि इस चक्र में इससे पहले खेले गए नौ टेस्ट मैचों में पाकिस्तान को सात में हार और दो में जीत मिली थी। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट अगले मंगलवार से रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में ही खेला जाएगा। पहले यह मुकाबला लाहौर में होना था, लेकिन वहां स्मॉग का स्तर बढ़ने के कारण इसे रावलपिंडी स्थानांतरित कर दिया गया है।

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत

कौन हैं अवीवा बेग, जो सोनिया गांधी की किताब से आईं सुर्खियों में? रेहान वाड्रा से है खास रिश्ता

BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR, सोनिया गांधी पर की थी टिप्पणी, BNS की धाराओं में दर्ज हुआ केस