नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2022 (FIFA World Cup 2022) का खुमार लोगों के अभी भी चढ़ा हुआ है। इस साल वर्ल्ड कप में लियोनेल मेसी (Lionel Messi) की अगुवाई में अर्जेंटीना (Argentina) ने ख़िताब अपने नाम किया। वर्ल्ड चैम्पियन बनी टीम और करोड़ों फैन्स के हीरो लियोनेल मेसी के लिए यह ख़िताब बहुत मायने रखता है। भारत में भी लियोनल मेसी के कई फैंस हैं, जिन्होंने उनकी जीत का जश्न मनाया। जिसमें से एक भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की बेटी जीवा (Ziva Dhoni) भी शामिल हैं।
जीवा ने भी अर्जेंटीना की जीत का जश्न मनाया। एमएस धोनी की वाइफ साक्षी धोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटी जीवा धोनी की फोटो शेयर की हैं। जिसमें जीवा धोनी अर्जेंटीना की जर्सी पहने हुए दिखाई दी हैं। साथ ही उनकी जर्सी पर अर्जेंटीना की कप्तान लियोनेल मेसी का साइन भी दिख रहा है।
इतना ही नहीं, जीवा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी यह तस्वीरें शेयर की गई हैं, जो इस समय सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। जीवा को यह जर्सी क्रिसमस गिफ्ट के तौर पर मिली है, जिसमें लियोनेल मेसी की साइन है। जीवा इसे पहनकर काफी खुश दिखाई दे रही हैं। इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, 'जैसे पिता वैसी बेटी।'
बता दें कि, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी खुद फुटबॉल के बड़े फैन हैं। साथ ही वह खुद भी शानदार फुटबॉलर रह चुके हैं। स्कूल के दिनों में धोनी अपनी टीम के गोलकीपर हुआ करते थे। लेकिन, फिर एक्सीडेंटल तौर पर ही वह क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बने थे। टीम इंडिया के कप्तान रहते हुए भी वह टीम प्रैक्टिस में फुटबॉल को हमेशा शामिल करते थे।