128 साल बाद लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी होगी।
ICC ने बाली बैठक के बाद ओलंपिक क्वालीफायर की तारीखों और मेजबानों की घोषणा कर दी है।
पुरुष क्वालीफायर बांग्लादेश में और महिला क्वालीफायर अमेरिका में होंगे।
LA Olympics 2028 Cricket Qualifiers: 128 साल के लंबे इंतजार के बाद ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी होने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने रविवार को लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए होने वाले क्रिकेट क्वालीफायर मुकाबलों की तारीखों और मेजबान देशों की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
दरअसल, बाली में हुई आईसीसी की अहम बैठकों के बाद जारी बयान के अनुसार, पुरुषों के क्वालीफायर मुकाबले बांग्लादेश में और महिलाओं के क्वालीफायर मुकाबले अमेरिका में आयोजित किए जाएंगे।
आईसीसी के मुताबिक, फरवरी और मार्च 2028 में होने वाले ये टूर्नामेंट ओलंपिक में जगह बनाने का अंतिम चरण होंगे।
पुरुष क्वालीफायर: इसका आयोजन 5 से 13 फरवरी 2028 तक बांग्लादेश में होगा।
महिला क्वालीफायर: इसका आयोजन 26 फरवरी से 5 मार्च 2028 तक अमेरिका में किया जाएगा।
दोनों ही प्रतियोगिताओं में आठ-आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार-चार के दो समूहों में बांटा जाएगा। इस दौरान कुल 13 मैच खेले जाएंगे। ग्रुप चरण में हर टीम अपने समूह की अन्य टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। दोनों समूहों की शीर्ष टीमें सीधे फाइनल में भिड़ेंगी और फाइनल जीतने वाली टीम को लॉस एंजिलिस ओलंपिक का अंतिम टिकट मिलेगा।
लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 की पुरुष और महिला टी20 प्रतियोगिताओं में कुल छह-छह टीमें मैदान पर उतरेंगी। इसमें अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओसियाना महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व तय किया गया है।
भारतीय महिला टीम: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इस साल की शुरुआत में हुए टी20 विश्व कप में एशिया की सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम रहने के आधार पर ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालीफाई कर लिया है।
पिछले दो टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम के भी रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालीफाई करने की प्रबल संभावना है। इसके लिए 31 दिसंबर 2026 की कटऑफ तारीख तय की गई है। भारत को इस तारीख तक एशिया की नंबर-1 रैंकिंग वाली टीम बने रहना होगा।
आईसीसी ने ओलंपिक के साथ-साथ अपने आगामी दो बड़े विश्व कप टूर्नामेंट के क्वालीफायर की रूपरेखा भी साफ कर दी है।
2027 पुरुष वनडे विश्व कप क्वालीफायर: यह टूर्नामेंट फरवरी और मार्च 2027 में खेला जाएगा। इसमें 10 टीमें हिस्सा लेंगी (पांच-पांच के दो ग्रुप) और कुल 23 मुकाबले होंगे। सेमीफाइनल और फाइनल के बाद शीर्ष चार टीमें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले मुख्य विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। विजेता टीम को सीधे ग्रुप चरण में जगह मिलेगी, जबकि बाकी तीन टीमें अंतिम स्थान के लिए सुपर सीरीज खेलेंगी।
साल 2028 की पहली तिमाही में होने वाले इस वैश्विक क्वालीफायर में 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार-चार के चार समूहों में बांटा जाएगा। कुल 31 मुकाबलों (ग्रुप चरण, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल) के बाद कुल 8 टीमें मुख्य टी20 विश्व कप में अपनी जगह पक्की करेंगी। इसमें हर क्षेत्र की शीर्ष टीम (न्यूनतम मानदंड पूरा करने पर) और बाकी स्थान अगली सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीमों को दिए जाएंगे।