खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रतियोगिता के पूरे शेड्यूल और वेन्यू का ऐलान किया।
इस घोषणा से देश भर के एथलीटों और खेल प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है।
यह मेगा स्पोर्ट्स पहली बार तेलंगाना में आयोजित किया जाएगा।
Khelo India Youth Games 2026 Schedule: खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 (KIYG) का इंतजार कर रहे एथलीटों और खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार 9 अक्टूबर को इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता के पूरे शेड्यूल और वेन्यू की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार यह मेगा स्पोर्ट्स कार्निवल पहली बार तेलंगाना की मेजबानी में आयोजित किया जा रहा है।
दरअसल, खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आगामी सीजन 11 से 22 दिसंबर 2026 तक तेलंगाना में खेला जाएगा। 12 दिनों तक चलने वाले इस स्पोर्ट्स इवेंट में देश भर से लगभग 6000 एथलीट और 1800 सपोर्ट स्टाफ के शामिल होने की उम्मीद है। इस बार प्रतियोगिता में कुल 27 कॉम्पिटिटिव स्पोर्ट्स और 1 डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट को शामिल किया गया है।
आपको बता दें कि शेड्यूल जारी करते हुए खेल मंत्री डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि भारत का स्पोर्टिंग इकोसिस्टम इस तरह बढ़े कि हम ओलंपिक्स में ज्यादा से ज्यादा खेलों में हिस्सा ले सकें।
पीएम मोदी ने प्राकृतिक संसाधनों (समुद्र और पहाड़ों) का इस्तेमाल कर खेले जाने वाले खेलों को बढ़ावा देने की बात कही है। इसी के तहत इस बार 'सेलिंग' को पहली बार शामिल किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आइची-नागोया एशियन गेम्स के बाद हो रहे इन खेलों में एथलीटों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहेगा।
सॉफ्टबॉल का डेब्यू और सेलिंग की एंट्री
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 के इतिहास में इस बार दो बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
सॉफ्टबॉल: इसे पहली बार एक पूर्ण कॉम्पिटिटिव स्पोर्ट के तौर पर शामिल किया गया है।
सेलिंग: इसे पहली बार KIYG प्रोग्राम में बतौर डेमोंस्ट्रेशन इवेंट जगह मिली है।
हैदराबाद समेत तेलंगाना के कई शहरों में इन खेलों का आयोजन किया जाएगा। हैदराबाद के बशीरबाग स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम कॉम्प्लेक्स और मॉडर्न गाचीबोवली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 22 मेडल स्पोर्ट्स होंगे। इसके अलावा बाकी खेलों का आयोजन निम्नलिखित जिलों में होगा।
खम्मम: तीरंदाजी (Archery)
हनुमानकोंडा: एथलेटिक्स (Athletics)
करीमनगर: जूडो (Judo)
निजामाबाद: टेबल टेनिस (Table Tennis)
महबूबनगर: कबड्डी (Kabaddi)
इस बार एथलीट आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, गतका, जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलारीपयट्टू, खो-खो, मल्लखंब, रोइंग, शूटिंग, स्विमिंग, सॉफ्टबॉल, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग टा, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग और योगासन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स का पिछला एडिशन 3 से 15 मई 2025 तक बिहार में आयोजित हुआ था। उस सीजन में महाराष्ट्र ने 58 गोल्ड, 47 सिल्वर और 53 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर मेडल टैली में टॉप स्थान हासिल किया था और अपना लगातार तीसरा और कुल पांचवां KIYG खिताब बचाया था।
वहीं हरियाणा 39 गोल्ड के साथ दूसरे और राजस्थान 24 गोल्ड मेडल के साथ तीसरे स्थान पर रहा था। पिछले सीजन में कुल 26 रिकॉर्ड टूटे थे, जिनमें से 5 वेटलिफ्टिंग में लड़कियों द्वारा बनाए गए नेशनल यूथ रिकॉर्ड थे।