

Telangana To Host Khelo India Youth Games 2026: तेलंगाना में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को खेल मंत्री वाकिति श्रीहरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर खेलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं और मजबूत खेल ढांचा तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने एमसीआरएचआरडी कैंपस स्थित बोधि पवेलियन में हुई बैठक में कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस बड़े आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जानी चाहिए। देश के अलग-अलग राज्यों से खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचेंगे, इसलिए उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होगी।
रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को हैदराबाद के सभी प्रमुख स्टेडियमों की मौजूदा स्थिति की जांच करने और जरूरत के हिसाब से उनका स्थायी सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि खेल सुविधाओं को केवल इस आयोजन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि भविष्य के बड़े टूर्नामेंट के लिए भी उनका इस्तेमाल किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि सरकार खेल आयोजन के लिए पर्याप्त बजट देने को तैयार है। उन्होंने उद्घाटन और समापन समारोह को भव्य बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने को कहा। इन समारोहों में मुख्य अतिथियों के साथ मशहूर खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों को भी शामिल करने की योजना है।
बैठक में अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा हुई। इनमें खेलों के लिए स्टेडियम तैयार करना, कार्यक्रमों का संचालन, खिलाड़ियों और मेहमानों के रहने-खाने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं शामिल हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 में 20 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर खेल के लिए वेन्यू पहले से तय करने और वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन में खेल भावना और खिलाड़ियों के सम्मान का खास ध्यान रखा जाना चाहिए।
बैठक में तेलंगाना के अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों, तेलंगाना स्पोर्ट्स हब बोर्ड, ओलंपिक एसोसिएशन और राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए सभी विभागों को मिलकर पहले से पूरी योजना तैयार करनी होगी।
बैठक में सरकार के सलाहकार रामकृष्ण राव, तेलंगाना स्पोर्ट्स अथॉरिटी के चेयरमैन शिवसेना रेड्डी, स्पेशल चीफ सेक्रेटरी जयेश रंजन और एसएटीजी की एमडी सोनी बाला देवी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।