Japan Football Fans in FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 में जापान और नीदरलैंड्स के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। हालांकि जापान जीत हासिल नहीं कर सका, लेकिन मैच के बाद उसके प्रशंसकों ने अपने व्यवहार से सभी का दिल जीत लिया।
दरअसल, जापान और नीदरलैंड्स का मैच खत्म होने के बाद जापान के फैंस स्टेडियम की सफाई करते हुए नजर आए। उन्होंने इधर-उधर पड़े कूड़े को उठाया और सीटों के आसपास पड़ी गंदगी को भी साफ करते हुए दिखाई दिए। फीफा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जापानी फैंस का यह दिल जीत लेने वाला वीडियो शेयर किया।
वीडियो में टीम की एक फैन ने बताया कि वह खिलाड़ियों और स्टेडियम का सम्मान करते हैं और यहां पर आकर गर्व महसूस कर रहे हैं, और इसी कारण से वह यहां की सफाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह स्टेडियम को गंदा छोड़कर नहीं जाना चाहते हैं। इस बर्ताव के चलते जापानी टीम के फैंस की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है।
जापान ने नीदरलैंड्स को मुकाबले में कड़ी टक्कर दी। पहले हाफ में नीदरलैंड्स ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन जापान के डिफेंस ने उन्हें अपने इरादों में कामयाब नहीं होने दिया। नतीजा यह रहा कि पहले हाफ में कोई गोल नहीं हो सका। हालांकि, दूसरे हाफ में नीदरलैंड्स ने अपने अटैक और भी तेज कर दिए। मैच के 50वें मिनट में नीदरलैंड्स को पहली सफलता मिली। रयान ग्रावेनबेर्ख की फ्री किक को कप्तान वर्जिल वैन डाइक गोल में तब्दील करने में सफल रहे।
ये भी पढ़ें: जर्मनी से मिली शिकस्त के बाद कुराकाओ के कोच डिक एडवोकेट का बयान, कहा- उनके जैसी टीम से हारने में कोई शर्म नहीं
हालांकि, जापान ने चंद मिनटों बाद ही शानदार वापसी की और 57वें मिनट में स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। नाकामुरा ने जापान के लिए मैच का पहला गोल दागा। इसके बाद नीदरलैंड्स ने 64वें मिनट में दूसरा गोल करते हुए फिर से बढ़त हासिल कर ली। समरविल ने बेहतरीन कर्लिंग शॉट मारते हुए नीदरलैंड्स को मैच में 2-1 से आगे कर दिया। नीदरलैंड्स की मुकाबले में जीत लगभग पक्की लग रही थी, लेकिन मैच के 88वें मिनट में मिले कॉर्नर का दाइजी कामदा ने भरपूर फायदा उठाते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। कोकी ओगावा के शॉट को दाइजी ने गोल पोस्ट में पहुंचाते हुए जापान की हार को टाल दिया।
IANS इनपुट के साथ