India VS Bangladesh Match: भारत ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 23वें मुकाबले में बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा। 34 गेंदों में 53 रन की धमाकेदार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली शेफाली वर्मा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने चार मैचों में तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप-ए की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं ऑस्ट्रेलिया अपने चारों मैच जीतकर पहले स्थान पर है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से होगा।
भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा है। टीम चार में से तीन मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है। जबकि ऑस्ट्रेलिया अपने सभी मैच जीतकर शीर्ष पर काबिज है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका तीन मैचों में दो जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। बांग्लादेश चौथे स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान और नीदरलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन ही बना पाई। टीम की शुरुआत खराब रही और दिलारा अख्तर महज 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद शोभना मोस्तरी (22) और जुएरिया फिरदौस (33) ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। कप्तान निगार सुल्ताना ने 27 गेंदों में 32 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। भारतीय गेंदबाजों ने मैच में जबरदस्त प्रदर्शन किया। राधा यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं श्री चरणी ने 2 विकेट, जबकि रेणुका ठाकुर और नंदिनी शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 16.5 ओवर में 5 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। स्मृति मंधाना (8) और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े। इसके बाद शेफाली ने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी। शेफाली ने 34 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 53 रनों की पारी खेली।
हालांकि बीच के ओवरों में भारत ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिगेज ने पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। अंत में हरमनप्रीत और दीप्ति शर्मा (नाबाद 5) ने भारत को आसान जीत दिलाई। बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी ने 2 विकेट लिए, जबकि मारुफा अख्तर, राबिया खान और नाहिदा अख्तर को 1-1 सफलता मिली।