नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका (India vs Sri Lanka 3rd ODI Match) के बीच तिरुवनंतपुरम में तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच खेला गया। यह मैच भारत ने जीतकर सीरीज को 3-0 से जीत लिया। इस मैच के दौरान कई अद्भुत शॉट्स देखने को मिले। लेकिन, भारतीय पारी के दौरान एक हादसा भी हुआ। जिस वजह से दो खिलाड़ी गंभीर चोटिल हो गए।
दरअसल, भारतीय पारी के समय 43वें ओवर में श्रीलंका (Sri Lanka) की टीम के दो खिलाड़ियों को गंभीर चोट लगी थी। फील्डिंग करते समय श्रीलंका के खिलाड़ी जेफरी वेंडरसे (Jeffrey Vandersay) और अशेन बंडारा (Ashen Bandara) बाउंड्री लाइन पर आपस में भिड़ गए थे। दोनों विपरीत दिशाओं से आ रहे थे। इस दौरान दोनों को गंभीर चोट आई थी। हालांकि, अब यह दोनों खिलाड़ी अपने देश वापस पहुंच गए हैं, लेकिन उनकी चोट ठीक नहीं हुई है।
सोमवार को श्रीलंका के खिलाड़ी जेफरी वेंडरसे (Jeffrey Vandersay) और अशेन बंडारा (Ashen Bandara) एयरपोर्ट पर नजर आए। लेकिन, उन दोनों की हालत देख सब लोग हैरान रह गए। दोनों के हाथों में बैसाखी थी। एक खिलाड़ी के बाएं पैर, जबकि दूसरे खिलाड़ी के दाएं पैर पर सपोर्टिंग एलिमेंट बंधे हुए थे। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि क्या कोई फ्रैक्चर हुआ है या फिर कुछ अंदरूनी चोट है।
मालूम हो कि, इन दोनों खिलाड़ियों को तीसरे ही मैच में ही खेलने का मौका मिला था। लेकिन ज्यादा कुछ कमाल नहीं दिखा पाए। दोनों बल्लेबाजी भी नहीं कर सके।