नई दिल्ली: इस समय शिखर धवन (Shikhar Dhawan) की अगुवाई वाली भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर है। जहां, तीन मैचों की वनडे सीरीज (IND vs NZ ODI Series) खेली जा रही है। इस सीरीज का अब आखिरी मुकाबला 30 नवंबर को खेला जाना है। तीन मैचों की वनडे सीरीज में अब तक दो मुकाबले हो चुके हैं, जिसमें न्यूजीलैंड ने पहले मैच में जीत हासिल की, जबकि दूसरा मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। जिसके बाद अब तीसरा मैच 30 नवंबर (बुधवार) (IND vs NZ 3rd ODI) को क्राइस्टचर्च में खेला जाना है, जहां टीम इंडिया (Team India) जीत हासिल कर सीरीज को 1-1 से बराबर करना चाहेगी।
धवन ने मुकाबले से पहले कुछ मजेदार वीडियो शेयर किया है। तीसरे मुकाबले से पहले टीम इंडिया रिलैक्स मूड में दिखाई दिए। शिखर धवन ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) एक साथ 4-4 बैग ले जाते नजर आए। जबकि चहल की वाइफ धनश्री वर्मा (Dhanashree Verma) सिर्फ एक बैग लेकर जा रही हैं। धवन इस वीडियो में एक रिपोर्टर की भूमिका निभा रहे थे। जहां, वह कहते हैं, 'युजी का सच हुआ पर्दाफाश! यह देखिए युजी अब कुली बना हुआ है। एक इंसान कितना सामान ढो रहा है।'
इस वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि, तभी धनश्री वर्मा भी आ जाती हैं, जिससे धवन पूछते है कि, आप चहल के बारे में क्या कहना चाहेंगी। तब धनश्री ने कहा कि, उनके पैर में बहुत तकलीफ है, वर्ना सारी दुनिया का बोझ वही उठाती हैं। उसके बाद फिर धवन ने पूछा, 'हमारी नन्हीं सी जान (चहल) का क्या? धनश्री ने इस पर कहा, 'स्ट्रांग होने दो नन्ही सी जान को।' लास्ट में धवन चहल को वेल डन कहते हैं।
बता दें कि, तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में धवन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 72 रनों की शानदार पारी खेली थी, हालांकि दूसरे मुकाबले में वह कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे और 3 रन बनाकर आउट हो गए थे। ऐसे में अब सीरीज के आखिरी मुकाबले में धवन बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। खेल से इतर शिखर धवन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अपने फैंस को लगातार एंटरटेन भी करते रहते हैं।