Pic: ANI 
खेल

भारतीय गेंदबाजों के आगे पस्त हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाज, 108 रनों पर हुई ढेर

किर्तेश ढोबले

रायपुर: भारत ने शनिवार को यहां तीन मैचों की श्रृंखला के दूसरे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड को 108 रन पर समेट दिया।  भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।  न्यूजीलैंड ने 11वें ओवर में 15 रन पर पांच विकेट गंवा दिये थे जिससे शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में मौजूद क्रिकेट के जुनूनी दर्शकों को जल्दी मैच खत्म होने का डर लग रहा था।   

टीम के लिये मोहम्मद शमी ने 18 रन देकर तीन जबकि हार्दिक पंड्या ने 16 रन देकर दो विकेट प्राप्त किये। न्यूजीलैंड की टीम 34.3 ओवर में 108 रन पर सिमट गयी। उसकी तरफ से ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।  

सलामी बल्लेबाज फिल एलेन खाता भी नहीं खोल सके और शमी की फुल लेंथ गेंद को चूक गये जो उनके स्टंप उखाड़ कर चली गयी। फिर सिराज की गेंद तीसरे नंबर के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स का बल्ले का किनारा लेकर शुभमन गिल के हाथों में पहुंच गयी। शमी और हार्दिक पंड्या (16 रन देकर दो विकेट) के शानदार रिटर्न कैच ने फिर न्यूजीलैंड को और परेशानी में डाल दिया। शमी ने डेरिल मिचेल को अपनी ही गेंद पर आउट किया जो उनकी गेंद को फ्लिक करने की कोशिश कर रहे थे।

वहीं हार्दिक का 10वें ओवर में डेवोन कॉनवे का अपनी ही गेंद पर एक हाथ से कैच लपकना बेहतरीन रहा। शार्दुल ठाकुर (26 रन देकर एक विकेट) भी एक विकेट झटकने में सफल रहे जब उनकी गेंद टॉम लॉथम के बल्ले का किनारा लेकर शुभमन गिल के हाथों में चली गयी। न्यूजीलैंड के कप्तान ने लूज शॉट खेला और गिल ने भी स्लिप में आसान कैच लपक लिया। न्यूजीलैंड की टीम मुश्किल में थी लेकिन पिछले मैच के शतकवीर माइकल ब्रेसवेल (22 रन) क्रीज पर थे तो उम्मीद बंधी हुई थी। उनके साथ उनके जितने ही खतरनाक ग्लेन फिलिप्स (36 रन) भी क्रीज पर थे।

ब्रेसवेल ने शमी पर कवर पर चौका जड़कर इरादे जाहिर कर दिये। उन्होंने 19वें ओवर में लगातार चौके खाने के बाद शमी ने एक तेज बाउंसर फेंका और ब्रेसवेल इसे पुल करने की कोशिश में बल्ला छुआकर विकेटकीपर ईशान किशन को कैच दे बैठे।  हैदराबाद में पहले वनडे में अर्धशतक जड़ने वाले मिचेल सैंटनर (27 रन) फिर फिलिप्स के साथ क्रीज पर थे। इन दोनों ने सातवें विकेट के लिये 47 रन की साझेदारी निभाकर टीम को 100 रन के पार कराया। हालांकि ये दोनों छह गेंद के अंदर आउट हो गये जिससे न्यूजीलैंड की वापसी करने की उम्मीद भी खत्म हो गयी।

सैंटनर हार्दिक की गेंद पर बोल्ड हुए जबकि फिलिप्स ने वाशिंगटन सुंदर (सात रन देकर दो विकेट) की गेंद पर सूर्यकुमार यादव को कैच दे दिया। कुलदीप यादव (29 रन देकर एक विकेट(ने 11वें नंबर के ब्लेयर टिकनर को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी 34.3 ओवर में समाप्त की। 

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर नहीं जला दीप, पुलिस से भिड़े हिंदू संगठन

कहीं इंडिया गेट तो कहीं पवई झील के ऊपर दिखा चांद का जादू, 8 तस्वीरों में देखें Full Moon का नजारा

UP Politics: विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी की पहली सूची जारी, जानिए किस सीट से किसे मिला टिकट

कार्तिक पूर्णिमा पर दिल्ली से मुंबई तक आसमान में चमका चांद, वीडियो में देखें देशभर का खूबसूरत नजारा

Trump Tariff Plan: भारत और चीन पर फिर टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी में ट्रंप, जानिए किस देश पर कितनी पड़ेगी मार