Highlights:
अंडर-19 एशिया कप में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए और पाकिस्तान-ए का मुकाबला होगा।
भारतीय टीम की कमान तिलक वर्मा संभालेंगे, साथ ही अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी भी खेलेंगे।
IND A vs PAK A Squad, Asia Cup Rising Stars 2026 Schedule: अंडर-19 एशिया कप 2026 के सांसें रोक देने वाले फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। उस रोमांच की भुख अभी उतरी भी नहीं है कि दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी देश एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने होने जा रहे हैं।
इसी महीने शुरू हो रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत और पाकिस्तान की ए टीमें आपस में भिड़ेंगी। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कमान तिलक वर्मा संभालेंगे, जबकि विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी भी एक्शन में नजर आएंगे।
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहने वाला है। वैभव आखिरी बार पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स के फाइनल में खेले थे। हालांकि भारत ने वह खिताबी मुकाबला 19 रनों से जीता था, लेकिन वैभव महज 15 रन बनाकर आउट हो गए थे।
उन्हें आउट करने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी सैम अयूब ने 'बच्चे खिलाने' जैसा सेलिब्रेशन कर वैभव को चिढ़ाने की कोशिश की थी। भले ही अयूब इस बार पाकिस्तानी स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन वैभव के पास पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलकर उस हार और चिढ़ाने का करारा जवाब देने का सुनहरा मौका है।
आपको बता दें कि एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आगाज 19 नवंबर से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में बांग्लादेश-ए और हांगकांग, चीन की टीमें टकराएंगी। वहीं, भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4-4 के दो ग्रुप्स में बांटा गया है।
ग्रुप ए: अफगानिस्तान-ए, बांग्लादेश-ए, हांगकांग (चीन) और श्रीलंका-ए।
ग्रुप बी: इंडिया-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई।
दरअसल, क्रिकेट फैंस को जिस महामुकाबले का इंतजार है, वह रविवार 22 नवंबर को खेला जाएगा। इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।
इंडिया-ए स्क्वॉड: तिलक वर्मा (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, आयुष बडोनी, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, अरशद खान, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, हर्षित राणा, प्रिंस यादव।
पाकिस्तान-ए स्क्वॉड: अब्दुल समद (कप्तान), फरहान यूसुफ, हैदर अली, हसन नवाज, शाहजेब खान, शामील हुसैन, माज सदाकत, साद मसूद, दानिश अजीज, मोहम्मद इमरान, रोहिल नजीर, अहेड डेनियल, मोहम्मद हसनैन, सुफयान मोकिम, अली रजा।