Highlights:
भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 4 नवंबर से होगा
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में पांच ऐसे खिलाड़ी है जिनपर सभी की नजरें रहेगी
विराट कोहली का यह न्यूजीलैंड का आखिरी दौरा माना जा रहा है
India vs New Zealand ODI 2026: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज बुधवार, 4 नवंबर से होने जा रहा है। टी20 सीरीज में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम के हौसले बुलंद हैं और वह वनडे फॉर्मेट में भी अपने इसी दमदार प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम आखिरी दो टी20 मैचों में मिली अपनी लय को एकदिवसीय सीरीज में बरकरार रखते हुए पलटवार करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इस हाई-वोल्टेज सीरीज में दोनों टीमों के 5 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनके प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें रहने वाली हैं।
टीम इंडिया के रन-मशीन विराट कोहली का यह न्यूजीलैंड का आखिरी दौरा माना जा रहा है। ऐसे में इस सीरीज में कोहली के बल्ले से निकलने वाले हर एक रन पर फैंस की नजरें होंगी। विराट को न्यूजीलैंड की पिचों पर खेलना काफी रास आता है। उन्होंने यहाँ अब तक खेले 11 वनडे मैचों में 46 की शानदार औसत से 514 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं।
विराट कोहली के साथ-साथ हिटमैन रोहित शर्मा के लिए भी यह न्यूजीलैंड का आखिरी दौरा होगा। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज रोहित के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
न्यूजीलैंड की तेज और उछाल भरी पिचों पर तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में रोहित शर्मा के ऊपर टीम को एक मजबूत और आक्रामक शुरुआत दिलाने का बड़ा दारोमदार होगा।
हाल ही में खत्म हुई टी20 सीरीज में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने वाले ग्लेन फिलिप्स वनडे में भी भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे सिरदर्द साबित हो सकते हैं। फिलिप्स ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 3 अर्धशतक और 1 शतक की बदौलत कुल 341 रन कूटे थे। फिलिप्स की सबसे बड़ी खासियत आक्रामकता के साथ-साथ पारी को बुनने और स्कोरबोर्ड को लगातार चलाते रहने की है।
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के पास इस वनडे सीरीज में खुद को दोबारा साबित करने का बेहतरीन मौका होगा। सिराज के लिए यह साल (2026) अब तक वनडे में कुछ खास नहीं रहा है; उन्हें सिर्फ 4 मैच खेलने का मौका मिला जिसमें 44 की महंगी औसत से वह केवल 4 विकेट ही चटका सके हैं।
हालांकि, न्यूजीलैंड ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में सिराज बेहतरीन लय में दिखे हैं, जिससे टीम मैनेजमेंट को उनसे काफी उम्मीदें होंगी।
इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए अगर कोई खिलाड़ी सबसे बड़ा खतरा है, तो वो हैं डेरिल मिचेल। मिचेल का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद खतरनाक रहा है। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ खेले 16 वनडे मुकाबलों में 72 की बेमिसाल औसत से 938 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 3 अर्धशतक दर्ज हैं। साल 2026 में भी मिचेल प्रचंड फॉर्म में हैं और 6 मैचों में 94 की औसत से 473 रन बना चुके हैं।