

Highlights
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-2 से दी मात।
इस टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार चौथी जीत है।
इस जीत के साथ ही भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।
India vs Malaysia Hockey Match: जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-2 से मात दे दी है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में रविवार को मिली इस जीत के सूत्रधार कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने बेहतरीन 'हैट्रिक' लगाई।
इस टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार चौथी जीत है। इस दमदार प्रदर्शन के लिए हरमनप्रीत को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस जीत के साथ ही भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।
मैच से पहले तक दोनों टीमें अजेय थीं। भारत ने आक्रामक शुरुआत करते हुए तीसरे मिनट में ही पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे हरमनप्रीत ने जुगराज सिंह के साथ मिलकर गोल में बदल दिया। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने वापसी की।
18वें मिनट में मलेशिया को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जहां भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक और राजिंदर ने शानदार बचाव किए। हालांकि, 25वें मिनट में मलेशिया के अखिमुल्लाह अनवर ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर हाफ-टाइम तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कमाल का खेल दिखाते हुए तीसरे, 33वें और 58वें मिनट में गोल दागे। इनमें से दो गोल पेनाल्टी कॉर्नर से आए, जबकि एक गोल उन्होंने पेनाल्टी स्ट्रोक के जरिए किया। टीम के लिए चौथा गोल 43वें मिनट में सुखजीत सिंह ने किया। मलेशिया की तरफ से अखिमुल्लाह अनवर (25वें मिनट) और शेलो सिल्वेरियस (60वें मिनट) ही गोल करने में कामयाब हो सके।
इस धमाकेदार जीत के बाद भारतीय टीम चार मुकाबलों में 12 अंक और +21 गोल अंतर के साथ पहले स्थान पर काबिज हो गई है। वहीं, हार के बावजूद मलेशिया नौ अंकों और +6 गोल अंतर के साथ दूसरे स्थान पर है।
जापान सात अंकों के साथ तीसरे और साउथ कोरिया छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है। इन चारों टीमों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। दूसरी ओर, चीन (1 अंक) और बांग्लादेश (0 अंक) खिताबी दौड़ से बाहर हो चुके हैं। भारत सोमवार को अपना आखिरी लीग-स्टेज मैच साउथ कोरिया के खिलाफ खेलेगा।
हाफ-टाइम के बाद भारत ने खेल की रफ्तार बढ़ाई। 33वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। 38वें मिनट में मलेशिया के फैज जली को 10 मिनट का 'येलो कार्ड' मिला, जिसका फायदा उठाकर 43वें मिनट में सुखजीत सिंह ने हार्दिक से मिले पास पर बेहतरीन बैकहैंड शॉट लगाकर स्कोर 3-1 कर दिया।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के आखिरी क्वार्टर में हरमनप्रीत को भी 5 मिनट का येलो कार्ड मिला, लेकिन मलेशिया इसका फायदा नहीं उठा सका। 58वें मिनट में भारत को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे गोल में बदलकर हरमनप्रीत ने अपनी हैट्रिक पूरी की। मैच के आखिरी मिनट (60वें मिनट) में मलेशिया के सिल्वेरियस ने एक सांत्वना गोल जरूर किया, लेकिन तब तक भारत 4-2 से जीत सुनिश्चित कर चुका था।