Highlights:
भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच से बाहर हुए डेवोन कॉनवे
सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे चोट (कनकशन) के कारण बाहर हुए
दोनों टीमों के बीच कल खेला जाएगा पहला वनडे मैच
Devon Conway Matt Henry Collision: भारत के खिलाफ बुधवार, 4 नवंबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज से ठीक पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे चोट (कनकशन) के कारण ऑकलैंड में होने वाले पहले वनडे मैच से बाहर हो गए हैं।
दरअसल, कॉनवे बीते मंगलवार को ईडन पार्क में ट्रेनिंग सेशन के दौरान तेज गेंदबाज मैट हेनरी से कैच लेते समय टकरा गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना मंगलवार को ईडन पार्क में अभ्यास के दौरान हुई। एक कैच लपकने के प्रयास में डेवोन कॉनवे और मैट हेनरी आपस में जोर से टकरा गए। दोनों खिलाड़ियों को मैदान पर ही तुरंत मेडिकल सहायता दी गई।
हालांकि, कॉनवे के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 'कनकशन' (सिर की चोट/हल्की बेहोशी) से पीड़ित पाया।
कीवी क्रिकेट बोर्ड ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बयान जारी किया है। NZC ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की स्थिति पर हमारी मेडिकल टीम लगातार नजर रख रही है। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के बाकी मैचों में उनके खेलने को लेकर सही समय पर अपडेट दिया जाएगा।
गौरतलब है कि मैट हेनरी खुद दाईं जांघ की मांसपेशियों की चोट से उबरकर वापसी कर रहे थे, जिसके कारण वह भारत के खिलाफ पिछले 3 टी-20 मैचों का हिस्सा नहीं बन पाए थे।
कप्तान मिचेल सैंटनर ने कॉनवे के बाहर होने पर दुख जताया है और संकेत दिए हैं कि उनकी जगह टिम साइफर्ट को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। सैंटनर ने कहा कि हमारी टीम में साइफर्ट बैकअप बल्लेबाज के रूप में मौजूद हैं। डेव (कॉनवे) का बाहर होना हमारे लिए बड़ा नुकसान है क्योंकि वह वनडे में हमारे मुख्य बल्लेबाज हैं। अगर वह उपलब्ध नहीं होते हैं, तो साइफर्ट सीधे तौर पर उनकी जगह लेंगे।
न्यूजीलैंड के चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है। डेवोन कॉनवे से पहले मध्यक्रम के बल्लेबाज मार्क चैपमैन हैमस्ट्रिंग की चोट और ऑलराउंडर रचिन रविंद्र कंधे की चोट पहले ही वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं। सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ने कप्तान सैंटनर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।