नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद बोर्ड (ICC) ने आज सबके सहमत से ग्रेग बार्कले (Greg Barclay) को एक बार फिर अध्यक्ष के रूप में चुन लिया है। ग्रेग बार्कले 2 साल के लिए स्वतंत्र अध्यक्ष के रूप में फिर से चुने गए है। जिम्बाब्वे क्रिकेट (Zimbabwe Cricket) के अध्यक्ष तवेंगवा मुकुहलानी (Termtavengwa Mukuhlani) ने अपना नाम वापस लेने के बाद ग्रेग बार्कले को निर्विरोध चुना गया।
बता दें कि, ग्रेग बार्कले ऑकलैंड में कमर्शियल वकील हैं। नवंबर 2020 में बार्कले को ICC अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। ग्रेग बार्कले न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) के अध्यक्ष थे और ICC मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2015 के निदेशक भी रह चुके हैं। एक आधिकारिक प्रेस रिलीज में ग्रेग बार्कले की फिर से नियुक्ति पर कहा, “अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष के रूप में फिर से चुना जाना एक सम्मान की बात है और मैं अपने साथी आईसीसी निदेशकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।”
ग्रेग बार्कले ने आगे कहा, “पिछले दो वर्षों में हमने अपनी वैश्विक विकास रणनीति के लॉन्च के साथ महत्वपूर्ण प्रगति की है जो हमारे खेल के लिए एक सफल और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए स्पष्ट दिशा प्रदान करती है। मैं अपने सदस्यों के साथ मिलकर काम करना जारी रखना चाहता हूं।”
बार्कले ने कहा, "क्रिकेट को मजबूत किया जा सके और साथ ही इसे आगे बढ़ाया जा सके, यह सुनिश्चित किया जा सके कि दुनिया के अधिक से अधिक लोग क्रिकेट का आनंद ले सकें। इसके लिए मिलकर मेहनत करना चाहता हूं।”