एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के कप्तान (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

Asia Cup 2025 फाइनल से पहले सूर्या का बयान हुआ वायरल, पाकिस्तान को दी चेतावनी, कहा- हम उसी अंदाज...

Asia Cup 2025: श्रीलंका पर रोमाचंक जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खिताबी मुकाबले से पहले पाकिस्तानी टीम को चेतावनी दे डाली है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम आक्रमक अंदाज में ही खेलेगी।

संजय सिंह बिष्ट

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला अब बस कुछ ही घंटों दूर है। रविवार (28 सितंबर) को भारत और पाकिस्तान दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल में आमने-सामने होंगे। एशिया कप के 41 साल के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब दोनों टीमें खिताबी जंग खेलेंगी।

भारत की अगुवाई कर रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले ही पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में दो बार धूल चटा चुके हैं। ग्रुप चरण में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था, वहीं सुपर-4 में 6 विकेट से मात दी। अब सूर्या ब्रिगेड की निगाहें तीसरी जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा करने पर हैं।

श्रीलंका पर जीत के बाद सूर्या का फाइनल संदेश

शुक्रवार को खेले गए आखिरी सुपर-4 मैच में भारत ने श्रीलंका को सुपर ओवर में हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202/5 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका भी 202 रन ही बना सका। मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में टीम इंडिया ने बाजी मारी। इस रोमांचक जीत के बाद सूर्या ने साफ कहा— “हम फाइनल में भी उसी अंदाज में उतरेंगे, जैसे आज खेले थे।” उन्होंने साथ ही यह भी बताया कि श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में कई खिलाड़ियों को क्रैम्प की समस्या हुई थी, इसलिए रिकवरी पर जोर रहेगा।

मैदान पर गरम माहौल

भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर-4 का मैच सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहा। मैदान पर कई बार तनाव की स्थिति बनी। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और शाहीन शाह अफरीदी ने भारत के सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को उकसाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, हारिस ने विमान गिराने का इशारा किया और साहिबजादा फरहान ने फिफ्टी पूरी होने पर बंदूक चलाने की एक्टिंग की। बीसीसीआई ने इन भड़काऊ इशारों की शिकायत आईसीसी से की। सुनवाई के बाद फरहान को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि हारिस रऊफ पर 30% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया। दूसरी ओर, सूर्यकुमार यादव पर भी पहलगाम आतंकी हमले को लेकर टिप्पणी करने के कारण इतनी ही सजा दी गई।

भारत का पलड़ा भारी

आंकड़ों की बात करें तो पाकिस्तान की स्थिति और मुश्किल दिखती है। अक्टूबर 2022 के बाद से पाकिस्तान ने भारत को किसी भी मैच में नहीं हराया है। पिछले सात मुकाबलों में लगातार भारतीय टीम ने ही जीत दर्ज की है। ऐसे में दुबई में होने वाला यह ऐतिहासिक फाइनल एक बार फिर भारत के पक्ष में झुकता हुआ नजर आ रहा है।

अब देखना होगा कि रविवार को सूर्या ब्रिगेड जीत की हैट्रिक लगाती है या पाकिस्तान 41 साल का इतिहास बदलकर पहली बार भारत को एशिया कप फाइनल में मात देता है।

कौन हैं छठी मैया, क्यों की जाती है सूर्य की पूजा? जानें छठ महापर्व की कथा और 4 दिनों के नियम

Bihar Chhath Puja 2026: नितिन नबीन के आवास पर छठ की रौनक, राज्यपाल और CM सम्राट ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद

आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को दी मात, भारत की रोमांचक जीत से गदगद हुए PM मोदी; युवाओं को दिया खास संदेश

Kal Ka Mausam: 15 नवंबर को 4 राज्यों में बारिश के आसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का अलर्ट

धामी सरकार के 5 साल में उत्तराखंड को मिले 3 नए मेडिकल-नर्सिंग कॉलेज, CM बोले- हर क्षेत्र तक पहुंचें बेहतर इलाज