Virat Kohli on Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में 10 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एक जोरदार मुकाबला खेला गया। इस मैच में आरआर के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने अपनी विस्फोटक पारी से एक बार फिर सभी का दिल जीत लिया। वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली को भी अपना मुरीद बना लिया।
मैच के बाद विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी की कैप पर एक खास संदेश लिखा जो उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं था। विराट ने मैच के बाद वैभव की कैप पर लिखा, "प्रिय वैभव, बहुत बढ़िया"। विराट के शब्द वैभव की रोमांचक पारी को देखकर निकले थे। विराट कोहली का संदेश निश्चित रूप से वैभव के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और भविष्य में उन्हें और भी बेहतर करने की प्रेरणा देगा।
बता दें कि आरआर और आरसीबी के बीच आकर्षण और आरआर की जीत का बड़ा कारण वैभव की आक्रामक पारी रही। वैभव ने मात्र 26 गेंदों पर 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 78 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। वैभव को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वैभव अब ऑरेंज कैप होल्डर भी हैं। उन्होंने सीजन में अब तक खेले 4 मैचों में 200 रन बनाए हैं।
मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 201 रन बनाए। टॉप ऑर्डर के फ्लॉप होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की और 40 गेंदों में 63 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। विराट कोहली अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 16 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 22 रनों का योगदान दिया।
यह भी पढ़ें: RR vs RCB: राजस्थान रॉयल्स ने लगाया जीत का ‘चौका’, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को मिली इस सीजन की पहली हार
आरसीबी से मिले 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीता। 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव ने 300 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में वैभव ने 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। वैभव के आगे आरसीबी के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। वहीं, जुरेल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। उसके बाद रवींद्र जडेजा और जुरेल ने मिलकर टीम को जीत दिला दी।