Highlights:
वकार यूनुस ने भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज न होने पर दिया बयान
दोनों टीमों के बीच मुकाबले सिर्फ आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंटों तक सीमित
भारत और पाकिस्तान के बीच ज्यादा क्रिकेट मुकाबले होने चाहिए
Waqar Younis on IND vs PAK: क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की जंग दुनिया भर में मशहूर है। लेकिन बीते कुछ सालों से दोनों टीमों के बीच मुकाबले सिर्फ आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंटों तक ही सिमट कर रह गए हैं।
अब पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने इस पर एक बड़ा बयान दिया है। वकार का मानना है कि दोनों देशों के बीच नियमित रूप से क्रिकेट मुकाबले होने चाहिए, क्योंकि मैच कम होने से खिलाड़ियों को दबाव भरी परिस्थितियों में खुद को साबित करने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पा रहा है।
एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर वकार यूनुस ने दिल खोलकर बात की। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच ज्यादा क्रिकेट मुकाबले होने चाहिए।
जब आप दो या तीन साल में सिर्फ एक मैच खेलते हैं, तो आपको सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को नहीं मिलता है।" वकार के मुताबिक, भारत के खिलाफ लगातार खेलने से खिलाड़ियों का मानसिक स्तर मजबूत होता है और वे दबाव झेलना सीखते हैं।
पाकिस्तान ने अतीत में दुनिया को इमरान खान, इंजमाम-उल-हक, यूनुस खान, वसीम अकरम, शोएब अख्तर और खुद वकार यूनुस जैसे महान खिलाड़ी दिए हैं। लेकिन पिछले कुछ दशकों में पाक क्रिकेट लगातार गिरावट के दौर से गुजर रहा है।
वकार का मानना है कि इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह टेस्ट क्रिकेट का कम होना है। उन्होंने कहा कि, पाकिस्तान अब बहुत कम टेस्ट क्रिकेट खेलता है, जो कि एक बड़ी वजह है कि अब आप पहले की तरह बेहतरीन खिलाड़ी तैयार नहीं कर पा रहे हैं।
वकार यूनुस का यह भी मानना है कि भारत के खिलाफ ज्यादा हाई-प्रोफाइल मुकाबले खेलने से पाकिस्तान क्रिकेट की कई मौजूदा समस्याओं का समाधान निकल सकता है। भारत से मिलने वाली कड़ी चुनौती पाकिस्तानी खिलाड़ियों को निखारने का काम करेगी।
आपको बता दें कि राजनीतिक तनाव के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज साल 2012-13 में खेली गई थी। तब से दोनों टीमें केवल न्यूट्रल वेन्यू पर बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में ही आमने-सामने होती हैं। वकार ने उम्मीद जताई कि अगर इन समस्याओं का हल निकल जाए, तो पाकिस्तान क्रिकेट फिर से अपने पुराने गौरव को हासिल कर सकता है।