

Imran Khan Ravi Shastri Statement: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व दिग्गज क्रिकेट कप्तान रहे इमरान खान की रिहाई को लेकर पाकिस्तान में लगातार विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और कमेंटेटर रवि शास्त्री ने उनकी की गिरती सेहत और जेल में उनके साथ हो रहे व्यवहार पर गहरी चिंता जताई है। इमरान खान साल 2023 से ही जेल में बंद है।
रवि शास्त्री ने कहा कि एक महान क्रिकेटर के साथ अदियाला जेल में जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उसे देखकर वह पूरी तरह हैरान हैं। शास्त्री ने कहा कि, किसी भी इंसान के साथ इस तरह का बर्ताव नहीं होना चाहिए। मैं इस मामले में कोई राजनीतिक बयान नहीं दे रहा हूं, बल्कि इंसानियत के नाते अपनी बात रख रहा हूं।
शास्त्री ने आगे जोड़ा कि, उन्हें नहीं लगता कि इमरान खान जैसी महान शख्सियत इस तरह की बदहाली की हकदार है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सिर्फ वह अकेले ऐसा नहीं सोच रहे हैं, बल्कि दुनियाभर के कई क्रिकेटर इस मामले में उनके जैसी ही सोच रखते हैं।
इमरान खान इस समय रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। उनकी मेडिकल केयर को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेल में उचित इलाज न मिलने के कारण उनकी आंखों की रोशनी पर बुरा असर पड़ा है और उनकी दाहिनी आंख में केवल 15 प्रतिशत रोशनी बची है। ऐसे में प्रदर्शनकारी भी उनकी रिहाई के साथ-साथ उन्हें तुरंत अस्पताल में ट्रांसफर करने की मांग कर रहे हैं।
इमरान खान को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए वैश्विक क्रिकेट जगत लगातार लामबंद हो रहा है। कुछ समय पहले ही दुनिया के 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखकर इमरान के इलाज की गुहार लगाई थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सात पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने भी अपनी सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की थी।
इस बीच रवि शास्त्री ने अंत में उम्मीद जताई कि इमरान जल्द पूरी तरह ठीक होंगे। उन्होंने कहा कि इमरान दुनियाभर में पाकिस्तान का सबसे बड़ा और पहचाने जाने वाला चेहरा हैं, इसलिए उनके साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाना बेहद जरूरी है।