यूएई के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी ने सबको चौंका दिया।
भारत ए ने 250 रनों का लक्ष्य महज 14.2 ओवर में हासिल कर 7 विकेट से जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ टीम ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मैच के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने ड्रेसिंग रूम का एक मजेदार राज खोला।
Fastest Double Century in List A: क्रिकेट की दुनिया में अब जब भी विस्फोटक बल्लेबाजी की बात होगी तो वैभव सूर्यवंशी की यह पारी सुनहरे अक्षरों में दर्ज रहेगी। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के ग्रुप बी मुकाबले में यूएई के खिलाफ वैभव ने ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसने विश्व क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गजों को भी हैरान कर दिया है।
250 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए ने महज 14.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 254 रन ठोके और 7 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री मारी। वैभव की इस आतिशी पारी के बाद भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने ड्रेसिंग रूम का एक बेहद मजेदार राज खोला है।
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए महज 53 गेंदों पर नाबाद 204 रनों की अविश्वासनीय पारी खेली, जिसमें 28 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके शामिल थे। मैच के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने वैभव की बल्लेबाजी को सीधे तौर पर 'कत्लेआम' करार दिया। तिलक वर्मा ने कहा कि वैभव की इस पारी को बयां करने के लिए उनके पास शब्द कम पड़ गए हैं।
जिस अंदाज में उन्होंने शुरुआत की, उससे ऐसा लगा मानो शुरुआती पांच ओवरों में ही मुकाबला खत्म हो गया हो। बता दें कि भारत ए ने महज 5.0 ओवर में टीम के 100 रन पूरे कर लिस्ट ए इतिहास का सबसे तेज टीम शतक जड़ने का कीर्तिमान भी अपने नाम किया।
वैभव जब मैदान पर छक्कों की बारिश कर रहे थे, तब भारतीय ड्रेसिंग रूम का माहौल कैसा था? इस पर तिलक वर्मा ने एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। तिलक वर्मा ने बताया कि ड्रेसिंग रूम में कोई तनाव या बड़ी रणनीति नहीं बन रही थी, क्योंकि हर कोई जानता था कि वैभव कितनी आसानी से गेंद को बाउंड्री के बाहर भेज सकते हैं।
तिलक ने हंसते हुए कहा कि जब वैभव उस लय में खेल रहे थे, तो ड्रेसिंग रूम में हर कोई बस यही चिल्ला रहा था- 'मार, मारो, मारो।' पूरी टीम बस बैठकर इस नजारे का लुत्फ उठा रही थी। आलम यह था कि जब गेंद चौके के लिए भी जाती थी, तो कोई उस पर ध्यान नहीं दे रहा था। हर किसी के मुंह से बस यही सवाल निकल रहा था कि 'सिक्स मारा क्या? सिक्स मारा क्या?' यह मेरी अब तक देखी गई सबसे बेहतरीन पारियों में से एक है।
आपको बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने 384.91 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से खेलते हुए एक ही पारी में विश्व रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने 28 गेंदों में सबसे तेज लिस्ट ए शतक, 40 गेंदों में सबसे तेज 150 और महज 52 गेंदों में सबसे तेज दोहरे शतक का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
लिस्ट ए क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक छक्के
किसी भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट मैच में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में वैभव (28 छक्के) अब दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के डार्सी शॉर्ट (23 छक्के, 2018-19) और भारत के तन्मय अग्रवाल (26 छक्के, 2024 रणजी ट्रॉफी) के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया।
इसके अलावा एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल और रुतुराज गायकवाड़ (सभी 16 छक्के) जैसे दिग्गज भी अब वैभव के इस तूफान से काफी पीछे छूट गए हैं।
लिस्ट ए वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने के मामले में वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंदों में यह कारनामा कर पुराने सभी रिकॉर्ड्स को बौना साबित कर दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के चाड बोवेस के नाम था, जिन्होंने 2024 में 103 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था।
वहीं, भारत के एन जगदीशन (2022) और इंग्लैंड के हैरी ब्रूक (2026) ने 114-114 गेंदों में दोहरे शतक पूरे किए थे। वैभव ने इन दिग्गजों से आधे से भी कम गेंदों में दोहरा शतक जड़कर क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया है।