Taskin Ahmed Withdraws From LPL: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज टास्किन अहमद ने वर्तमान में चल रही लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने ये फैसला अगस्त में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज की बेहतर तैयारी के लिए लिया है।
टास्किन को एलपीएल में जाफना किंग्स की ओर से खेलना था और इसके लिए उन्हें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) भी मिल गया था।
बांग्लादेश की टीम 2003 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। ये सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा भी है, इसलिए टास्किन ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट छोड़कर राष्ट्रीय टीम को प्राथमिकता दी।
अहमद टास्किन की शुरुआत में योजना थी कि वो जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज नहीं खेलेंगे और सीधे श्रीलंका जाकर एलपीएल में हिस्सा लेंगे। लेकिन तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के चोटिल होने के बाद वो बांग्लादेश टीम के साथ बने रहे।
अपने फैसले पर बात करते हुए टास्किन अहमद ने कहा, 'मैंने एलपीएल से अपना नाम वापस ले लिया क्योंकि मेरा पूरा ध्यान ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज की तैयारी पर है। जिम्बाब्वे में लगातार छह मैच खेलने के बाद अगर मैं एलपीएल भी खेलता और फिर सीधे ऑस्ट्रेलिया जाता, तो मेरी टेस्ट तैयारी प्रभावित होती।'
उन्होंने आगे कहा, 'एलपीएल छोड़ने से मुझे आर्थिक नुकसान जरूर होगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेलने का मौका बार-बार नहीं मिलता। इसलिए मैंने एनओसी मिलने के बावजूद टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है।'
यह भी पढ़ें:- The Hundred 2026 में दिखेगा भारतीय स्टार्स का जलवा, जानिए किस टीम से खेलेंगी भारतीय महिला खिलाड़ी
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 13 से 17 अगस्त तक ऑस्ट्रेलिया के डार्विन शहर में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 22 से 26 अगस्त तक मैके में आयोजित होगा। ऑस्ट्रेलिया के कठिन हालात में टास्किन अहमद की भूमिका बांग्लादेश के लिए बेहद अहम मानी जा रही है और इसी वजह से उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट से ज्यादा राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी को महत्व दिया।