अंडर-19 वर्ल्ड कप हीरो मंजीत कालरा गिरफ्तार, LPL में मैच फिक्सिंग के आरोप से मचा हड़कंप

Manjot Kalra Arrested: 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप के स्टार बल्लेबाज मंजीत कालरा को श्रीलंका में लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 के दौरान कथित मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
Under-19 World Cup hero Manjeet Kalra arrested; match-fixing allegations in LPL spark a stir.
मंजीत कालरा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Manjot Kalra Arrested For LPL Match Fixing: भारत को 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले स्टार बल्लेबाज मंजीत कालरा मुश्किलों में फंस गए हैं। श्रीलंका में चल रही लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 के दौरान भ्रष्टाचार के एक कथित मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। श्रीलंका पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने शुक्रवार को कालरा को हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में एक अन्य भारतीय नागरिक युवराज पुष्पा को भी गिरफ्तार किया गया है।

भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने का आरोप

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोप है कि टूर्नामेंट के दौरान एक खिलाड़ी को भ्रष्ट गतिविधि में शामिल होने के लिए पैसों का ऑफर दिया गया था। बताया जा रहा है कि ये मामला टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही जांच एजेंसियों के संज्ञान में आ गया था, जिसके बाद एलपीएल 2026 के पहले ही दिन कार्रवाई की गई।

श्रीलंका क्रिकेट ने अपनाई 'जीरो टॉलरेंस' नीति

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रहेगी। बोर्ड ने आधिकारिक बयान में कहा कि यदि जांच एजेंसियां किसी भी तरह की सहायता मांगती हैं तो उन्हें पूरा सहयोग दिया जाएगा। साथ ही ये भी स्पष्ट किया गया कि इस विवाद का टूर्नामेंट पर कोई असर नहीं पड़ेगा और LPL अपने तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।

स्वतंत्र संस्थाऐं भी जांच में शामिल

श्रीलंका क्रिकेट ने ये भी बताया कि टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले उसकी 'एंटी-करप्शन यूनिट' ने सरकारी जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया था। इसके अलावा खेल में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्वतंत्र संस्थाओं की सेवाएं भी ली गई हैं, जो खिलाड़ियों और टीमों को भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता और निगरानी में मदद कर रही है।

कालरा का इतिहास

27 वर्षीय मंजीत कालरा ने 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद शतक लगाकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली उस टीम के हीरो रहे कालरा बाद में स्पोर्ट्स बिजनेस से जुड़े और एलपीएल 2026 से पहले जाफना किंग्स के सह-मालिक बने।

अंतिम फैसला अदालत में होगा

मंजीत कालरा की गिरफ्तारी जाफना किंग्स के सीजन के पहले मुकाबले से कुछ घंटे पहले हुई। हालांकि श्रीलंका क्रिकेट ने दोहराया कि लीग की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और प्रतियोगिता बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में सुनवाई के बाद ही होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com