23 साल बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बांग्लादेश, पैट कमिंस की कप्तानी में उतरेगी मेजबान टीम; मजबूत स्क्वॉड घोषित

Australia vs Bangladesh: 23 साल बाद बांग्लादेश करेगा ऑस्ट्रेलिया दौरा, पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की घोषणा कर दी गई है। जानिए दोनों टीमों के इस मुकाबले का शेड्यूल और स्क्वॉड।
Bangladesh visits Australia after 23 years; hosts to play under Pat Cummins' captaincy; strong squad announced.
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट स्क्वॉड (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Australia Squad vs Bangladesh Test Series: ऑस्ट्रेलिया में 13 अगस्त से शुरु होने वाली टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट ने बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू मैचों के लिए अपनी मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में पैट कमिंस एक बार फिर पूरी टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। चोट के कारण लंबे समय तक मैदान से दूर रहने के बाद पैट कमिंस की इस टेस्ट में कप्तान के रूप में वापसी होगी।

23 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलेगा बांग्लादेश

ये सीरीज कई मायनों में ऐतिहासिक है। 23 साल बाद बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने पहुंच रही है। इससे पहले उसने आखिरी बार 2003 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच खेला था। दोनों टीमों के बीच य मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र का हिस्सा होगा।

डब्ल्यूटीसी फाइनल की रेस में ऑस्ट्रेलिया की नजर

ऑस्ट्रेलिया लगातार तीसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। टीम 2023 और 2025 के डब्ल्यूटीसी फाइनल खेल चुकी है और अब 2025-27 चक्र में भी मजबूत स्थिति बनाना चाहती है। बांग्लादेश के खिलाफ यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम अंक जुटाने का सुनहरा मौका होगी।

बड़ी सीरीज से पहले होगी तैयारी

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे आने वाली बड़ी चुनौतियों की तैयारी भी होगी। इसके बाद टीम को 2025 विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। वहीं फरवरी 2027 में भारत दौरे पर होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी ऑस्ट्रेलिया के डब्ल्यूटीसी अभियान के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी।

कमिंस की वापसी पर रहेंगी नजरें

पैट कमिंस जून 2025 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद से लगातार चोटों से जूझ रहे थे। उन्होंने आखिरी बार दिसंबर 2025 में एशेज सीरीज के एडिलेड टेस्ट में खेला था। उस सीरीज में उन्होंने सिर्फ एक मैच में कप्तानी की थी, जबकि बाकी मुकाबलों में स्टीव स्मिथ ने टीम की कमान संभाली थी। अब कमिंस पूरी तरह फिट होकर वापसी कर रहे हैं और उनकी कोशिश होगी कि टीम को बांग्लादेश के खिलाफ एकतरफा जीत दिलाई जाए।

अनुभवी खिलाड़ी होंगे शामिल

ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज के लिए लगभग अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बल्लेबाजी में स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ट्रैविस हेड और कैमरून ग्रीन जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि गेंदबाजी आक्रमण में मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, स्कॉट बोलैंड और नाथन लियोन जैसे दिग्गज मौजूद हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी एलेक्स कैरी और जोश इंगलिस संभालेंगे।

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश टेस्ट सीरीज शेड्यूल -

मुकाबला / चरण तारीख स्थान (वेन्यू) समय (भारतीय समयानुसार)
पहला टेस्ट मैच 13 अगस्त – 17 अगस्त 2026 मरारा स्टेडियम, डार्विन (Darwin) सुबह 06:00 बजे से
दूसरा टेस्ट मैच 22 अगस्त – 26 अगस्त 2026 ग्रेट बैरियर रीफ एरिना, मैके (Mackay) सुबह 05:30 बजे से

ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, नाथन लियोन, मिचेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड और ब्यू वेबस्टर।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com