

Indian Women Cricketers In The Hundred 2026: इंग्लैंड की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग द हंडरेड के सातवें सीजन की शुरुआत मंगलवार से द ओवल में होगी। पुरुष और महिला दोनों टूर्नामेंट एक साथ शुरू होंगे। भारतीय खिलाड़ी सिर्फ महिला प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकती हैं और T20 वर्ल्ड कप के बाद अब भारत की कई स्टार खिलाड़ी एक बार फिर इंग्लैंड की धरती पर जोश में नजर आएंगी।
भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना इस बार मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से खेलेंगी। ये उनका पांचवां द हंडरेड सीजन होगा, लेकिन पहली बार वो इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनी हैं। इससे पहले वो 2021 से 2024 तक सदर्न ब्रेव के लिए खेल चुकी हैं और 2023 में टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। मंधाना इस बार ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज कप्तान मेग लैनिंग के नेतृत्व में खेलेंगी। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स अब तक कभी भी टूर्नामेंट के टॉप-4 में जगह नहीं बना सकी है।
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष भी इस सीजन मैनचेस्टर सुपर जायंट्स से खेलेंगी। महिला प्रीमियर लीग (WPL) की तरह यहां भी वो स्मृति मंधाना की टीममेट होंगी। ये द हंडरेड में ऋचा की लगातार तीसरी अलग फ्रेंचाइजी होगी। इससे पहले वो लंदन स्पिरिट और बर्मिंघम फीनिक्स का हिस्सा रह चुकी हैं। हालांकि पिछले दोनों सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन हाल ही T20 वर्ल्ड कप में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की और अब वो इस टूर्नामेंट में दमदार वापसी की कोशिश करेंगी।
भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स इस बार सदर्न ब्रेव की ओर से खेलेंगी। वो पहले सनराइजर्स लीड्स का हिस्सा थीं। दिल्ली कैपिटल्स की तरह यहां भी उनकी मुलाकात कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट और हेड कोच जोनाथन बैटी से होगी। जेमिमा का पहला द हंडरेड सीजन शानदार रहा था, लेकिन उसके बाद वो वैसी लय बरकरार नहीं रख सकीं। इस बार वो फिर से बड़ी पारियां खेलने के इरादे से उतरेंगी।
भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा इस बार सनराइजर्स की टीम का हिस्सा होंगी। 2024 में उन्होंने लंदन स्पिरिट को आखिरी गेंद पर विजयी छक्का लगाकर खिताब जिताया था और बल्ले व गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था।
दीप्ति ने पिछले सीजन में 212 रन बनाने के साथ आठ विकेट भी लिए थे। इस बार वह जेस जोनासन के साथ स्पिन विभाग संभालेंगी और टीम की कप्तानी डैनी गिब्सन करेंगी।
T20 वर्ल्ड कप में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब स्मृति मंधाना, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा के पास द हंडरेड 2026 में शानदार प्रदर्शन कर अपने फॅार्म में लौटने का सुनहरा मौका होगा। इंग्लैंड की इस हाई-प्रोफाइल लीग में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।