CSK vs SRH: आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, फैंस को इस मैच में भी एमएस धोनी की वापसी देखने को नहीं मिली। एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में हैदराबाद की नजरें प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत करने पर हैं।
सोमवार को टॉस जीतने के बाद सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। पिच थोड़ी सूखी लग रही है और हम एक अच्छा टोटल बनाना चाहते हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में भी, बैटिंग के लिए विकेट बहुत अच्छा नहीं था। कुछ भी मुश्किल नहीं है, हम चीजों को आसान रखना चाहते हैं। महेंद्र सिंह धोनी अभी भी यहीं हैं, लेकिन वह इस मैच में खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं। हमारी टीम में एक बदलाव है।"
दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने कहा, "यह टी20 क्रिकेट है और इसमें हर मैच आसान नहीं होता। उन्हें पता है कि हर मैच में उनकी रणनीति काम नहीं करेगी। शायद हम पहले गेंदबाजी करना पसंद करते। हमारी टीम वही है, जो पिछले मैच में थी।" चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन अब तक 12 में से 6 मैच जीत हैं, जबकि इतने ही मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 12 अंकों के साथ सीएसके प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 में से 7 मुकाबले जीते हैं। यह टीम 14 प्वाइंट्स के सात तीसरे स्थान पर मौजूद है। इस मुकाबले में शानदार जीत एसआरएच को प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंचा सकती है।
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज और स्पेंसर जॉनसन।
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे।
IANS इनपुट के साथ