सुपर-8 के मैच में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

साउथ अफ्रीका की जीत, टीम इंडिया की चांदी, वेस्टइंडीज की हार से भारत के सिर से हटा NRR का साया

SA vs WI: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराकर 177 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल किया। इस हार के बाद वेस्टइंडीज का नेट रनरेट गिरा और टीम इंडिया को सेमीफाइनल की रेस में राहत मिली।

संजय सिंह बिष्ट

T20 World Cup 2026 Semi-Final Scenario: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एडेन मार्करम की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीकी टीम ने सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। भारत को 76 रन से हराने के बाद साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से मात दी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज ने 177 रन का लक्ष्य दिया, जिसे साउथ अफ्रीका ने 16.1 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। ग्रुप-1 में साउथ अफ्रीका दो मैचों में चार अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है, जबकि वेस्टइंडीज के खाते में दो मैचों में दो अंक हैं। इस हार से भारत के लिए नेट रनरेट का दबाव कम हो गया है और अब टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। भारत का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से और फिर एक मार्च को वेस्टइंडीज से होगा।

एडेन मार्करम प्लेयर ऑफ द मैच बने

साउथ अफ्रीका की जीत के हीरो कप्तान एडेन मार्करम रहे, जिन्होंने 46 गेंदों में नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने सात चौके और चार छक्के लगाए और टूर्नामेंट में तीसरी बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया। मार्करम ने क्विंटन डिकॉक के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। डिकॉक 24 गेंदों में 47 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए। इसके बाद मार्करम और रयान रिकेल्टन ने 82 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। रिकेल्टन ने 28 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए।

वेस्टइंडीज ने 60 रन के अंदर गंवाए पांच विकेट

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 176 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और सात ओवर के भीतर 60 रन पर पांच विकेट गिर गए। हालांकि रोमारियो शेफर्ड के नाबाद 52 रन और जेसन होल्डर के 49 रन की बदौलत आठवें विकेट के लिए 89 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।

लुंगी एनगिडी की घातक गेंदबाजी

साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने शुरुआत से दबाव बनाए रखा। कागिसो रबाडा ने दो विकेट झटके, जबकि लुंगी एनगिडी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन अहम विकेट हासिल किए और वेस्टइंडीज के शीर्ष क्रम को पूरी तरह झकझोर दिया। एक समय वेस्टइंडीज का स्कोर सात विकेट पर 83 रन था और टीम संकट में थी। ऐसे में होल्डर और शेफर्ड ने 57 गेंदों में 89 रन जोड़कर पारी संभाली। होल्डर ने मार्को यानसेन के एक ओवर में 22 रन बटोरकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, हालांकि अंतिम ओवर में वह रन आउट हो गए।

Teacher’s Day पर PM मोदी की शिक्षकों संग खास बातचीत, पब्लिक स्पीकिंग से लेकर बच्चों के टैलेंट तक पर हुई चर्चा

Operation Chakra 6: डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक खेल! 3 महीने बंधक बनाकर ऐंठे 42.36 करोड़, CBI ने दबोचे 3 एजेंट

शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को नमन, योगी-गडकरी समेत कई नेताओं ने दी शिक्षकों को शुभकामनाएं

केन्या ने टाटा केमिकल्स से तोड़ा नाता, 100 साल पुराना समझौता रद्द, शेयर बाजार पर असर, कहा- किसी के गुलाम नहीं

मैं रेवंत का समर्थक हूं, कांग्रेस का नहीं, एक मंच पर साथ आए ओवैसी और रेड्डी; एक-दूसरे की तारीफों के बांधे पुल