T20 World Cup: खराब शुरुआत के बाद होल्डर-शेफर्ड ने कराई वेस्टइंडीज की वापसी, अफ्रीका को दिया 177 रन का टारगेट

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 176 रन बनाए। साउथ अफ्रीका को इस मुकाबले को जीतने के लिए 177 रनों की जरूरत है।
West Indies vs South Africa, Super-8, Match No.7
साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

West Indies vs South Africa, Super-8, Match No.7: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड का 7वां मुकाबला वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 177 रन बनाने होंगे। वहीं वेस्टइंडीज की नजरें भी सेमीफाइनल में पहुंचने पर होगी।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत ज्यादा अच्छा नहीं रही। पावरप्ले के दौरान वेस्टइंडीज ने 4 विकेट गंवा दिए। 43 के स्कोर पर चार बल्लेबाज आउट हो गए। ब्रैंडन किंग ने 21, शाई होप ने 16, शिमरोन हेटमायर ने 2 और रोस्टन चेज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

रोवमैन पॉवेल 9 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने 12 और मैथ्यू फोर्ड 11 रन बनाकर आउट हो गए। 83 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को 7वां झटका लगा। ऐसा लग रहा था कि वेस्टइंडीज टीम जल्दी ही ऑलआउट हो जाएगी। लेकिन होल्डर और शेफर्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के आरमाने पर पानी फेर दिया।

8वें विकेट के लिए होल्डर और शेफर्ड के बीच 89 रनों की साझेदारी

83 रनों के स्कोर पर 7 विकेट गिरने के बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने मोर्चा संभाला और आठवें विकेट के लिए 89 रनों की अहम साझेदारी निभाई। होल्डर 31 गेंदों में 49 रन बनाकर रनआउट हुए। वहीं, शेफर्ड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में शेफर्ड ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। इन दोनों के बदौलत वेस्टइंडीज ने 8 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए।

गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि कॉर्बिन बॉश ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

साउथ अफ्रीका: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी

वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर/ कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेस, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com