Highlights:
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका ने तोड़ा भारत का वनडे रिकॉर्ड।
श्रीलंका ने इंग्लैंड को हराकर वनडे इतिहास में रचा इतिहास।
हैरी ब्रुक ने भी दोहरा शतक लगाकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड।
Sri Lanka vs England ODI 2026: श्रीलंका क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ ट्राई सीरीज के तीसरे मुकाबले में गुरुवार को वो कारनामा कर दिखाया, जिसकी गूंज सालों तक क्रिकेट इतिहास में सुनाई देगी। इंग्लैंड ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए हैरी ब्रूक के ऐतिहासिक दोहरे शतक की बदौलत 429 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था।
लेकिन श्रीलंका के बल्लेबाजों ने करिश्माई प्रदर्शन करते हुए 49.5 ओवर में 430 रन बनाकर इस मैच को अपने नाम कर लिया। यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में चेज किया गया दूसरा सबसे बड़ा टारगेट है। इस धमाकेदार जीत के साथ ही श्रीलंका ने महज 22 दिनों के भीतर टीम इंडिया का एक बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया है।
श्रीलंका ने 22 दिनों में तोड़ा टीम इंडिया का रिकॉर्ड
श्रीलंका की इस ऐतिहासिक जीत का सीधा नुकसान भारतीय क्रिकेट टीम को हुआ है। पिछले महीने 30 सितंबर 2026 को शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में 406 रनों का विशाल लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज किया था, जिसमें गिल ने दोहरा शतक जड़ा था।
उस समय भारत का यह कारनामा वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज बना था। लेकिन श्रीलंका ने महज 22 दिनों के भीतर इंग्लैंड के खिलाफ 430 रन चेज कर भारत को तीसरे पायदान पर धकेल दिया है और खुद दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है।
इस मैच में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने बल्ले से जमकर तबाही मचाई। ब्रूक वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज डबल सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के एक बेहद खास और ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
क्रिस गेल के बाद हैरी ब्रूक दुनिया के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिनके नाम टेस्ट में तिहरा शतक वनडे में दोहरा शतक और टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक दर्ज है। हालांकि, ब्रूक की यह ऐतिहासिक पारी भी इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सकी।
भले ही साल 2026 में दो टीमों (भारत और श्रीलंका) ने 400 से अधिक रनों का टारगेट चेज कर सनसनी मचा दी हो, लेकिन क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा महा-रिकॉर्ड आज भी सुरक्षित है। वनडे इतिहास में सबसे बड़ा टारगेट चेज करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम है। अफ्रीका ने साल 2006 में जोहानसबर्ग में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 435 रनों का विशाल लक्ष्य चेज कर इतिहास रचा था। पिछले 20 सालों से यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अटूट बना हुआ है।