कोलकाता में CAB सेकेंड डिवीजन वनडे लीग के दौरान हुआ बड़ा कारनामा  सोर्स- सोशल मीडिया
क्रिकेट

6 गेंदों में 6 छक्के और एक ही पारी में दो डबल सेंचुरी, भारतीय बल्लेबाजों के तूफान से हिली रिकॉर्ड बुक

Kolkata Cricket News: कोलकाता के CAB वनडे लीग मैच में बड़ा कारनामा हुआ। मोहनलाल क्लब के अंकोंन आईच ने एक ओवर में छह छक्के जड़े, वहीं एक ही पारी में दो बल्लेबाजों ने दोहरा शतक ठोक इतिहास रच दिया।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

  • मोहनलाल क्लब के अंकोंन आईच ने एक ही ओवर में लगातार छह छक्के जड़े।

  • इस विस्फोटक पारी ने सिक्सर किंग युवराज सिंह की याद ताजा कर दी।

  • मैच की एक ही पारी में दो बल्लेबाजों ने दोहरा शतक ठोक इतिहास रच दिया।

  • यह कारनामा कोलकाता में CAB सेकेंड डिवीजन वनडे लीग के दौरान हुआ।

CAB Second Division One Day League: क्रिकेट के मैदान पर जब बल्लेबाज अपने रंग में हों, तो बड़े से बड़े रिकॉर्ड भी छोटे पड़ जाते हैं। कोलकाता में खेले गए बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के सेकेंड डिवीजन वनडे लीग मुकाबले में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।

मोहनलाल क्लब के बल्लेबाज अंकोंन आईच ने एक ही ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर फैंस को सिक्सर किंग युवराज सिंह की याद दिला दी। इतना ही नहीं, इस मुकाबले में एक ही पारी के दौरान दो बल्लेबाजों ने दोहरा शतक ठोककर नया इतिहास भी रच दिया।

45वें ओवर में दिखा युवराज जैसा तूफान

दरअसल, शुक्रवार को ईडन गार्डेंस स्टेडियम के पास स्थित कस्टंस ग्राउंड पर मोहनलाल क्लब और साउथ सबअर्बन क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में मोहनलाल क्लब के बल्लेबाज अंकोंन आईच पूरी तरह से विपक्षी गेंदबाजों पर हावी नजर आए।

पारी के 45वें ओवर में उन्होंने साउथ सबअर्बन क्लब के गेंदबाज समुजीत सेन को निशाने पर लिया और ओवर की सभी छह गेंदों को बाउंड्री के बाहर भेज दिया। अंकोंन के इस कारनामे ने साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप की यादें ताजा कर दीं, जब युवराज सिंह ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में लगातार छह छक्के लगाए थे।

एक ही पारी में लगे दो दोहरे शतक

इस मैच का रोमांच यहीं खत्म नहीं हुआ। अंकोंन आईच के साथ उनके जोड़ीदार आयाज उद्दीन सिद्दीकी ने भी मैदान पर जमकर तबाही मचाई। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बैटिंग करते हुए अपनी-अपनी डबल सेंचुरी पूरी की। एक ही वनडे पारी में दो बल्लेबाजों का दोहरा शतक लगाना अपने आप में एक बड़ा कीर्तिमान है।

दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 328 रनों की विशाल साझेदारी हुई, जिसने विरोधी टीम को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया।

अंकोंन आईच की पारी: 132 गेंदों में नाबाद 236 रन (13 चौके, 25 छक्के)

आयाज उद्दीन सिद्दीकी की पारी: 129 गेंदों में 204 रन (31 चौके, 8 छक्के)

मोहनलाल क्लब की 304 रनों से ऐतिहासिक जीत

आपको बता दें कि अंकोंन और आयाज की इस आतिशी बल्लेबाजी के दम पर मोहनलाल क्लब ने निर्धारित 45 ओवरों में महज दो विकेट खोकर 474 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।475 रनों के असंभव से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ सबअर्बन क्लब की टीम दबाव में बिखर गई।

पूरी टीम 37.1 ओवर में सिर्फ 170 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह मोहनलाल क्लब ने यह मुकाबला 304 रनों के विशाल अंतर से अपने नाम कर लिया।

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

Heavy Rain Alert: 28-29-30 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी, इन राज्यों में छाएगा घना कोहरा

भोपाल में 12 दिसंबर को जुटेंगे राहुल गांधी समेत विपक्षी दिग्गज, आखिर लाल परेड ग्राउंड पर क्यों अटक रहा पेंच?

मजबूरी में कर रहे समर्थन... शरद पवार ने कांग्रेस को भेजा संदेश; सांसदों की बीजेपी से हो गई है बात!

महिला आरक्षण से 50% सीटों तक, सरकार ने परिसीमन के नए बिल में 6 बड़े बदलाव, जानें क्यों खास है नया विधेयक