वाराणसी के गंजारी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे ICC चेयरमैन जय शाह, जानें कब होगा उद्घाटन और पहला मुकाबला

Jay Shah Varanasi Visit: ICC के चेयरमैन जय शाह ने वाराणसी के गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण किया। 450 करोड़ की लागत से बने इस महादेव थीम वाले स्टेडियम का उद्घाटन दिसंबर में पीएम मोदी कर सकते हैं।
ICC Chairman Jay Shah
ICC अध्यक्ष जय शाह का वाराणसी दौरा सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • वाराणसी के गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनकर पूरी तरह तैयार है।

  • अब यह स्टेडियम बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी कर सकेगा।

  • ICC चेयरमैन जय शाह ने करीब 2 घंटे तक स्टेडियम की तैयारियों का जायजा लिया।

Varanasi Ganjari International Cricket Stadium: वाराणसी और पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राजातालाब के गंजारी में बनकर तैयार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बड़े मुकाबलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।

बुधवार शाम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने करीब एक घंटा 57 मिनट तक बारीकी से पूरे परिसर का निरीक्षण किया।

दर्शक दीर्घा से लेकर प्रसारण केंद्र तक का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जय शाह ने मैदान, पिच, आउटफील्ड और जल निकासी व्यवस्था की जांच की। उन्होंने दर्शक दीर्घा में लगी कुर्सियों पर खुद बैठकर उनकी गुणवत्ता और दर्शकों के अनुभव को परखा। इसके अलावा, उन्होंने खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, प्रसारण केंद्र, कैमरा लगाने के स्थान और दर्शकों के प्रवेश-निकास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

ICC Chairman Jay Shah
IPL: धोनी के 20 साल के करियर में जो रह गया अधूरा, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू सीजन में ही कर दिया पूरा

दूसरी बार ICC चेयरमैन बनने के बाद पहला काशी दौरा

आपको बता दें कि दूसरी बार निर्विरोध आईसीसी चेयरमैन चुने जाने के बाद जय शाह का यह पहला वाराणसी दौरा था। दिसंबर 2030 तक के अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में काशी के स्टेडियम का यह दौरा पूर्वांचल में क्रिकेट के भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

15 दिनों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश

स्टेडियम में बिजली की खपत और डीजल जनरेटर पर होने वाले खर्च को कम करने के लिए जय शाह ने सोलर पैनल लगाने का सुझाव दिया है। इस दिशा में राज्य सरकार की इकाई 'यूपीनेडा' तेजी से काम कर रही है। अगले 15 दिनों के भीतर स्टेडियम में सोलर पैनल लगाने का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

2 दिसंबर को पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में वाराणसी के दौरे पर आ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि आगामी 2 दिसंबर को पीएम मोदी इस भव्य स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बता दें कि पीएम मोदी ने 23 सितंबर 2023 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी, जिसे अब 1152 दिन पूरे हो चुके हैं।

महादेव की थीम पर बना है 450 करोड़ का यह स्टेडियम

करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है:

  • अनोखा वास्तुशिल्प: पूरे स्टेडियम का स्ट्रक्चर भगवान शिव (महादेव) की थीम पर आधारित है।

  • खास आकर्षण: इसमें डमरू के आकार का मीडिया सेंटर और त्रिशूल की आकृति वाले फ्लड लाइट टावर लगाए गए हैं।

  • क्षमता: इस स्टेडियम में एक साथ लगभग 30 हजार दर्शक बैठकर मैच का आनंद ले सकेंगे।

ICC Chairman Jay Shah
धोनी और स्टार्क समेत कई दिग्गज रिलीज, हार्दिक-अर्शदीप की सबसे बड़ी ट्रेड डील; जानें कब और कहां होगा मिनी ऑक्शन

दिसंबर में कूच बिहार ट्रॉफी से होगा आगाज

अंतरराष्ट्रीय मैचों से पहले स्टेडियम में घरेलू ट्रायल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। गंजारी स्टेडियम को प्रतिष्ठित 'कूच बिहार ट्रॉफी' के दो मैचों की मेजबानी मिली है।

  • 3 से 6 दिसंबर: उत्तर प्रदेश बनाम पुडुचेरी

  • 11 से 14 दिसंबर: उत्तर प्रदेश बनाम छत्तीसगढ़

इन मुकाबलों के सफल आयोजन के बाद अगले साल से यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच शुरू होने की पूरी उम्मीद है।