मैदान में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

WPL 2026: RCBW की तूफानी जीत, ग्रेस हैरिस और मंधाना ने UP वारियर्स को 9 विकेट से रौंदा; तोड़ा जीत का रिकॉर्ड

RCBW vs UPW: वुमेंस प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCBW) ने यूपी वारियर्स (UPW) को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी है। ग्रेस हैरिस की 85 रनों की आतिशी पारी ने मैच को एकतरफा बना दिया।

अमन उपाध्याय

WPL 2026 RCBW vs UPW Match: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए डब्ल्यूपीएल के 5वें मुकाबले में आरसीबी ने अपना दबदबा कायम रखा। कप्तान स्मृति मंधाना के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले को गेंदबाजों ने सही साबित किया और फिर बल्लेबाजों ने महज 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

ग्रेस हैरिस और मंधाना का 'पावर प्ले'

144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत किसी तूफान से कम नहीं थी। सलामी बल्लेबाज ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना ने यूपी के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। ग्रेस हैरिस ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और मात्र 40 गेंदों में ताबड़तोड़ 85 रन कूट डाले। वहीं कप्तान स्मृति मंधाना ने दूसरे छोर से संभलकर खेलते हुए 32 गेंदों में नाबाद 47 रनों की पारी खेली। आरसीबी ने केवल 5.5 ओवर में ही 78 रन बोर्ड पर लगा दिए थे, जिससे मैच पूरी तरह यूपी की पकड़ से बाहर हो गया। अंत में ऋचा घोष ने 2 गेंदों में 4 रन बनाकर टीम को 12.1 ओवर में ही जीत दिला दी।

यूपी वारियर्स की खराब शुरुआत

इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वारियर्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। आरसीबी के गेंदबाजों ने धारदार गेंदबाजी करते हुए यूपी के पहले 5 विकेट महज 50 रन के स्कोर पर ही गिरा दिए थे। एक समय ऐसा लग रहा था कि टीम 100 रन भी नहीं बना पाएगी। हालांकि, दीप्ति शर्मा और डिएंड्रा डॉटिन ने पारी को संभाला और छठे विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को 143/5 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

पिच और कप्तानों की रणनीति

मैच से पहले पिच को 'हाई-वे' जैसा बताया गया था, जो बल्लेबाजों के लिए अनुकूल थी। आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने ओस (dew) की भूमिका को देखते हुए पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया था। दूसरी ओर, यूपी की कप्तान मेग लैनिंग ने स्वीकार किया कि वे भी टॉस जीततीं तो पहले गेंदबाजी ही चुनतीं। आरसीबी की ओर से श्रेयंका पाटिल और नादिन डी क्लार्क ने 2-2 विकेट लिए, जबकि लॉरेन बेल को 1 सफलता मिली।

पॉइंट्स टेबल में आरसीबी की बढ़त

इस जीत के साथ आरसीबी ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की है, जबकि यूपी वारियर्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। मैच से पहले दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 3-3 की बराबरी पर था, लेकिन आरसीबी के इस प्रदर्शन ने उन्हें बढ़त दिला दी है।

किसके पास ज्यादा गेंद रहते जीत का रिकॉर्ड?

डब्ल्यूपीएल में सबसे ज्यादा गेंदें बाकी रहते हुए जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज है। टीम ने वर्ष 2023 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबला 77 गेंदें शेष रहते अपने नाम किया था। इसी साल दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को भी 66 गेंदें बाकी रहते हराया था। इस सूची में अब आरसीबी तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जिसने 47 गेंदें शेष रहते जीत हासिल की।

सपा नेता सिनोद शाक्य को BJP ने बनाया प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही लिस्ट

Hotel Room Safety: होटल में चेक-इन करते ही करें ये 10 जरूरी काम, सुरक्षा में न करें लापरवाही

गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, गोलीबारी में 6 लोगों की मौत; सामने आया खौफनाक VIDEO

SIR पर विपक्ष के प्रदर्शन के जवाब में सड़क पर उतरेंगे केंद्रीय मंत्री! क्या है BJP का प्लान?

SIR के तीनों आदेश सर्वसम्मति से लिए गए, चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में जवाब