ICC ने खोल दी बांग्लादेश की पोल, T20 World Cup में सुरक्षा को लेकर BCB ने फैलाया झूठ

ICC to BCB: आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के सुरक्षा दावे को झूठ बताया। मुस्ताफिजुर रहमान के हटाए जाने और भारत में सुरक्षा चिंताओं को लेकर विवाद टी20 विश्व कप 2026 में जारी है।
bangladesh team ICC ने खोल दी बांग्लादेश की पोल, T20 World Cup में सुरक्षा को लेकर BCB ने फैलाया झूठ
बांग्लादेश टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangladesh spread lies about security: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में महज अब एक महीने से भी कम का समय रह गया है। ऐसे में बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने सोमवार को दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने टी20 विश्व कप के लिए भारत जाने को लेकर उनके देश की विशिष्ट सुरक्षा चिंताओं को मान लिया है लेकिन खेल की वैश्विक संचालन संस्था ने उनके इस दावे को ‘सरासर झूठ' बताया है।

बांग्लादेश ने सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में भारत का दौरा करने में हिचकिचाहट जताई है और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने कुछ मैच सह-मेजबान श्रीलंका में स्थानांतरित करने की मांग की थी। यह विवाद तब बढ़ा जब बीसीसीआई के निर्देश पर तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किया गया।

‘डेली स्टार’ के अनुसार, ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजरुल ने कहा, “आईसीसी की सुरक्षा टीम और सुरक्षा प्रभारी ने बीसीबी को एक पत्र भेजा है, जिसमें तीन कारणों से सुरक्षा खतरे का उल्लेख किया गया है।” उन्होंने बताया कि पहला, अगर मुस्ताफिजुर टीम में शामिल होते हैं; दूसरा, अगर बांग्लादेश समर्थक राष्ट्रीय जर्सी पहनकर आसपास पैदल घूमते हैं; और तीसरा, चुनाव के करीब आने के कारण टीम के लिए सुरक्षा खतरा बढ़ सकता है।

आईसीसी ने बीसीबी से किया संपर्क

आईसीसी ने स्वीकार किया कि उसने बीसीबी से संपर्क किया है, लेकिन नजरुल के दावे से इनकार किया। आईसीसी के एक सूत्र ने कहा, “आईसीसी ने बीसीबी को भारत में सुरक्षा पर आंतरिक संवाद भेजा था, लेकिन आसिफ नजरुल ने जो कहा वह सरासर झूठ है। संवाद में कभी यह नहीं कहा गया कि मुस्ताफिजुर का चयन सुरक्षा का मुद्दा होगा।”

टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका करेगी

टी20 विश्व कप सात फरवरी से आठ मार्च तक भारत और श्रीलंका के विभिन्न स्टेडियमों में खेला जाएगा। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश को शुरुआती तीन ग्रुप मैच कोलकाता और आखिरी मैच मुंबई में खेलना है। मुस्ताफिजुर को कोलकाता नाइट राइडर्स से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश सरकार ने देश में आईपीएल के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया। इस घटनाक्रम के बाद बीसीबी ने सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com